गाजियाबाद : महिला से प्रेमी ने दोस्त संग किया गैंगरेप, दोनों गिरफ्तार

गाजियाबाद। युवक ने विधवा महिला को जंगल में ले जाकर दोस्त के संग उससे गैंगरेप किया। विरोध पर पीटा भी गया। विधवा महिला और युवक के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। मामले की जानकारी पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

बिहार निवासी महिला अपनी दो बेटियों के साथ मुरादनगर की एक कॉलोनी में किराए के मकान में रहती है। काफी समय पहले महिला के पति की मौत हो चुकी है और मजदूरी करके घर का खर्च चला रही है। महिला ने बताया कि दो साल पहले कॉलोनी के रहने वाले एक युवक से मेरी मुलाकात हुई। युवक ने शादी करने की बात कही और संबंध बना लिए। वह शादी का झांसा देकर लगातार दुष्कर्म करता रहा। एक माह पहले प्रेमी महिला को घुमाने की बात कहकर रावली सुराना मार्ग पर काकड़ा के जंगल में ले गया। आरोप है कि वहां पर प्रेमी ने दुष्कर्म किया और इसी बीच उसका दोस्त भी आ गया। इसके बाद प्रेमी के दोस्त ने भी महिला के साथ दुष्कर्म किया। जब महिला ने इसका विरोध तो मारपीट कर घायल कर दिया।

दिव्यांग हैं दोनों आरोपी
दुष्कर्म करने के बाद महिला को जंगल में ही छोडक़र आ गए। किसी तरह महिला अपने घर पहुंची। महिला ने बताया कि तबीयत ठीक होने के एक सप्ताह बाद वह चामुंडा पुलिस चौकी पहुंची और तहरीर दी। पुलिस ने कार्रवाई की बात कहकर मामले को टाल दिया। इसके बाद महिला मुरादनगर थाने पहुंची और तहरीर दी। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपी साजिद व गुडडु को गिरफ्तार कर लिया है, दोनों आरोपी दिव्यांग है।

Exit mobile version