व्यापारी से 9 लाख 20 हजार की ठगी, चार लोगों पर मुकदमा

नोएडा। जिले के सेक्टर 58 थाने में चार लोगों के खिलाफ केक और पेस्ट्री की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 9 लाख 20 हजार रुपए की ठगी करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने ठगी व आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि उसके साथ बताकर ठगी की वारदात की गई।

सेक्टर 58 थाना क्षेत्र के लावण्या अपार्टमेंट्स के रहने वाले तापस कुमार बेरा ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया वह केक और पेस्ट्री के व्यापारी हैं। 4 दिसंबर 2023 को मोमगोनिस फूड प्राइवेट लिमिटेड मुंबई में फ्रेंचाइजी लेने के लिए संपर्क किया। तापस की यहां विपिन नाम के व्यक्ति से बात हुई। विपिन ने अपने आप को कंपनी का रिलेशनशिप मैनेजर बताते हुए फ्रेंचाइजी दिलाने की बातचीत फाइनल की। इसके बाद कंपनी की ही ओर से प्रतीक जैन संजय सिंह और अमित कुमार ने भी तापस से संपर्क किया। इन चारों लोगों ने मिलकर तापस को अपने जाल में फंसा कर 9 लाख 20 हजार रुपए खाते में डलवा लिए। रुपए खाते में डलवाने के बाद इन चारों लोगों ने तापस से बातचीत करना छोड़ दिया और तापस को फ्रेंचाइजी भी नहीं मिली। तब तापस ने कंपनी के नंबरों पर संपर्क कर जानकारी जुटाई तो पता चला कि विपिन, प्रतीक, संजय और अमित नाम के व्यक्ति उनकी कंपनी में काम ही नहीं करते हैं। तब जाकर तापस को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

नामजदों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में छानबीन कर चारों लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा और पीड़ित की रकम वापस कराई जाएगी।

Exit mobile version