सुप्रीम आदेश : चंदीगढ़ के मेयर बने कुलदीप, केजरीवाल बोले : सत्य पराजित नहीं होता

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप कुमार को विजयी घोषित किया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बीजेपी को तगड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में जीत आख़रिकार संविधान और लोकतंत्र की हुई।

कहा कि कुलदीप कुमार एक गरीब घर का लड़का है। इंडिया गठबंधन की ओर से चंडीगढ़ का मेयर बनने पर बहुत बहुत बधाई। ये केवल भारतीय जनतंत्र और माननीय सुप्रीम कोर्ट की वजह से संभव हुआ। हमें किसी भी हालत में अपने जनतंत्र और स्वायत्त संस्थाओं की निष्पक्षता को बचाकर रखना है। उधर दिल्ली के मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी, दुनिया की सबसे नौजवान पार्टी के साथ बेइमानी करती हुई पकड़ी गई। आज आम आदमी पार्टी की चिंता ये है कि इस देश में लोकतंत्र कैसे बचेगा? जब कैमरे के सामने केंद्र सरकार जैसी बड़ी पार्टी बेइमानी पर उतर आएगी तो जहां कैमरा नहीं है वहां इस केंद्र सरकार पर कैसे भरोसा किया जाए। चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भी मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा एक-एक करके हमारी सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं को तबाह कर रही है। भाजपा लगातार लोकतंत्र को खत्म करने का काम कर रही है। मैं आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करना चाहता हूं कि उन्होंने लोकतंत्र को बचाने के लिए इतनी कठिनाईयों के बाद भी ये लड़ाई जारी रखी। देश के सामने शीशे की तरह साफ हो गया है कि भाजपा से देश को खतरा है।

भाजपा ने वोट चुराएः सनी सिंह
आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रदेश सचिव सनी सिंह अहलूवालिया ने कहा कि ये सबके सामने स्पष्ट था कि भाजपा ने वोट चुराए और अनिल मसीह ने वोटों को बदला। आज सुप्रीम कोर्ट ने अपनी मुहर लगा दी और जिन 8 वोटों को अमान्य बताया जा रहा था उसे गिनने को कहा है।

सच की जीत होती हैः कांग्रेस अध्यक्ष
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करते हैं। आज हमने देख लिया कि सच की जीत होती है। हमारे साथी बहुत हताश थे, कि इतनी मेहनत करने के बाद भी ये हुआ। आज का दिन चंडीगढ़ के इतिहास के लिए ऐतिहासिक है। कुलदीप कुमार टीटा मेयर होंगे। ये उन लोगों के लिए सबक है जो लोकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं।

Exit mobile version