गाजियाबाद : जेल गया पत्नी का हत्यारोपी जावेद, अस्पताल में था भर्ती

गाजियाबाद। लोनी इलाके की शिव वाटिका कॉलोनी में गृहक्लेश के चलते पत्नी के गले में उस्तरे से वार कर हत्या करने वाले आरोपी पति जावेद को पुलिस ने अस्पताल में उपचार के बाद गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उस्तरा लगने से घायल हुई तीन साल की बच्ची को भी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।

मूल रूप से पिलखुवा निवासी जावेद लोनी के शिव वाटिका कॉलोनी में किराये के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी साबरीन और तीन साल की बेटी है। तीन साल पहले जावेद की शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से दोनों में विवाद रहने लगा। शुक्रवार दोपहर करीब 1ः30 बजे पति-पत्नी में विवाद हो गया। आसपास के लोगों ने बताया कि विवाद के चलते जावेद ने साबरीन और बेटी पर उस्तरा से वार कर खुद भी उस्तरा मार लिए। घटना के दौरान मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। जावेद के घर के सामने उसके साढ़ू का मकान है।

दरवाजा तोड़कर निकाला था बाहर
परिवार के लोग जब घर पहुंचे तो खिड़की के अंदर से उन्होंने देखा कि जावेद और साबरीन जमीन पर लेटे हुए हैं, हिबा रो रही थी। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर घायल जावेद और हिबा को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। उसके बाद पुलिस ने साबरीन के शव को कब्जे में लिया।

Exit mobile version