गाजियाबाद : ससुरालियों से तंग महिला गंगनहर में कूदने पहुंची, पुलिस ने बचाया

गाजियाबाद। मेरठ की महिला ने गंगनहर में कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। गनीमत रही कि ऐन वक्त पर हेड कांस्टेबल नरेंद्र राठी और सिपाही भारत कुमार मौके पर पहुंचे और महिला को बचा लिया। बाद में पता लगा कि ससुरालियों से तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की थी।

इसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी। मौके पर महिला की बेटी, मां, चचेरा भाई व एक रिश्तेदार पहुंचे। महिला की बेटी ने बताया कि उसकी मां 16 फरवरी को घर से चली गई थीं। देर शाम तक जब नहीं लौटी तो उसने नौचंदी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। महिला ने बताया कि वह शनिवार दोपहर को मसूरी पहुंची। जैसे ही वह छलांग लगाने लगीं तो पुलिसकर्मियों ने आकर उन्हें पकड़ लिया। एसीपी मसूरी नरेश कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल नरेंद्र राठी और सिपाही भारत कुमार ने सराहनीय कार्य किया है। इनको सम्मानित करने के लिए वह अधिकारियों को पत्र लिखेंगे। इनके सम्मानित होने से अन्य पुलिसकर्मी भी प्रोत्साहित होंगे।

ससुराली नहीं दे रहे हक
पुलिस ने जब महिला की काउंसिलिंग की तो महिला रोते हुए बोली ससुरालिये उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। उनकी दो बेटी और दो बेटे हैं। पति की मौत के बाद उनका पालन पोषण मुश्किल हो गया। चारों की पढ़ाई भी छूट गई है। ससुरालिये संपत्ति को लेकर उन्हें परेशान कर रहे हैं। देवर उन पर गंभीर आरोप लगाते हैं। ऐसे में वह परेशान हो चुकी हैं। इस कारण वह जान देने आईं थी। अब भी कोई समाधान नहीं हुआ तो वह चारों बच्चों के साथ जान दे देंगी।

पति भी कर चुका है आत्महत्या
महिला ने बताया कि 23 जून 2023 को महिला के पति ने भी बागपत रोड पर भोले की झाल में व्यापार में घाटा होने व संपत्ति विवाद में जान दी थी। चार दिन बाद 27 जून 2023 को उनका शव मसूरी क्षेत्र से बरामद हुआ था।

Exit mobile version