गाजियाबाद : ईंट से कुचलकर युवक की हत्या, शिनाख्त की कोशिश जारी

गाजियाबाद। युवक की किसी ने ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। उसका शव गुरुवार सुबह पड़ा मिला। मरने वाला युवक कौन है और यहां कैसे पहुंचा। इन सवालों का जबाव फिलहाल पुलिस के पास नहीं है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त की कोशिश शुरू कर दी है।

साहिबाबाद में स्थित जनकपुरी खजूरी पार्क के पास आज सुबह राहगीरों को खून से लतपथ शव पड़ा मिला। पुलिस ने बताया, गुरुवार सुबह सूचना मिली कि जनकपुरी खजूरी पार्क में एक शव पड़ा हुआ है। इस सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक की उम्र करीब 30 साल है। उसके गले और चेहरे पर चोटों के निशान हैं। पुलिस को घटनास्थल के पास एक-दो ईंटों पर खून के निशान लगे हुए मिले हैं। इसलिए ये आशंका जताई जा रही है कि हत्यारे ने ईंट से ही प्रहार करके इस युवक का मर्डर किया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बताया फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। उसकी पहचान के लिए थाने का मिसिंग लोगों का डेटा भी देखा जा रहा है। जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।

Exit mobile version