गाजियाबाद : हेल्थ स्कीम के नाम पर मांगी घूस, सीबीआई ने रंगे हाथ पकड़ा

गाजियाबाद। सीबीआई टीम ने बुलंदशहर में छापामारी करके वहां से एक्स सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम पॉलिक्लीनिक के ऑफिसर इंचार्ज अशोक शर्मा को 80 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पूर्वी दिल्ली के अखिलेश्वर कुमार सिंह मैसर्स संगी आरसीएम कंपनी के डायरेक्टर हैं। अखिलेश्वर ने बताया, ये कंपनी बुलंदशहर के चार हॉस्पिटलों में एक्स सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम के लाभार्थियों को आउटसोर्स के जरिये उपचार सेवाएं दिलाती है। पॉलिक्लीनिक बुलंदशहर के प्रभारी अशोक कुमार शर्मा ने इन सुविधाओं को हॉस्पिटल में सुचारू रूप से चलाने के लिए एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी। अखिलेश्वर ने इसकी शिकायत गाजियाबाद सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच में की। 14 फरवरी को ही इस मामले में मुकदमा दर्ज किया। जबकि इसके बादबुलंदशहर में छापेमारी की। तय प्लान के अनुसार, अखिलेश्वर सिंह ने जैसे ही 80 हजार रुपए घूस के रूप में अशोक कुमार शर्मा को दिए, वैसे ही सीबीआई ने उसको धर दबोचा।

ग्रेटर नोएडा में मकान की तलाशी
सीबीआई प्रवक्ता ने बताया, आरोपी अशोक शर्मा के ग्रेटर नोएडा में आवासीय परिसरों की भी तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों ने बताया, अस्पतालों में पूर्व सैनिक पेंशनभोगियों व उनके आश्रितों को एलोपैथिक और आयुष चिकित्सा प्रदान करने के लिए ये योजना शुरू की गई थी। आयुष अस्पताल देशभर में फैले हुए हैं। इस योजना के मरीजों के लिए कैशलेस लेनदेन सुनिश्चित करने के लिए सीजीएचएस की तर्ज पर तैयार किया गया है और इसे भारत सरकार द्वारा वित्तपोषित किया गया है। सीबीआई गिरफ्तार आरोपी अशोक शर्मा को गाजियाबाद की विशेष अदालत में पेश करेगी।

Exit mobile version