कांग्रेस हमेशा से पिछड़ों-दलितों की विरोधी रही : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। साथ ही सदन में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कहा कि कांग्रेस जन्म से ही दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों की सबसे बड़ी विरोधी रही है। कभी-कभी मेरे मन में सवाल आता है कि अगर बाबा साहब नहीं होते तो क्या एससी/एसटी को आरक्षण नहीं मिलता। कांग्रेस और उसके सहयोगियों को एससी/एसटी और ओबीसी को अधिक भागीदारी देने में हमेशा कठिनाई होती रही है।

पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब के विचारों को नष्ट करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्हें भारत रत्न देने की कोई तैयारी नहीं थी, जब भाजपा के समर्थन से सरकार बनी तो बाबा साहब को भारत रत्न दिया गया। देश में पहली बार एनडीए सरकार ने एक आदिवासी बेटी को भारत का राष्ट्रपति बनाया। एक बार नेहरू जी ने मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखी थी, जिसमें लिखा था कि ’मैं किसी भी आरक्षण को पसंद नहीं करता और खासकर नौकरी में आरक्षण तो कतई नहीं। मैं ऐसे किसी भी कदम के खिलाफ हूं जो अकुशलता को बढ़ावा दे, जो दोयम दर्जे की तरफ ले जाए।’ इसी के आधार पर मैं कहता हूं कि कांग्रेस आरक्षण की जन्मजात विरोधी है। आज जो ये आंकड़े गिनाते हैं, उसका मूल यही है। अगर उस समय सरकार में भर्ती हुई होती, तो वो प्रमोशन के बाद आगे बढ़ते और आज यहां पहुंचते। पीएम ने कहा कांग्रेस के 10 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था नाजुक स्थिति में थी। दूसरी ओर हमारे 10 वर्षों में भारत शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में से एक रहा है। हमारे 10 साल बड़े और निर्णायक फैसलों के लिए याद रखे जाएंगे। कांग्रेस ने नैरेटिव फैलाया, जिसका परिणाम हुआ कि भारत की संस्कृति और संस्कारों को मानने वाले लोगों को बड़े हीन भाव से देखा जाने लगा। इस प्रकार हमारे अतीत के साथ अन्याय किया गया। इसका नेतृत्व कहां होता था, ये दुनिया भलीभांति जानती है।

कांग्रेस पार्टी सोच से भी आउटडेटेड हो गई है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरा विश्वास पक्का हो गया है कि कांग्रेस पार्टी सोच से भी आउटडेटेड हो गई है। जब सोच ही आउटडेटेड हो गई है, तो इन्होंने अपना कामकाज भी आउटसोर्स कर दिया है। देखते ही देखते इतना बड़ा दल, इतने दशकों तक देश पर राज करने वाले दल का ऐसा पतन हमें खुशी नहीं हो रही बल्कि हमारी आपके प्रति संवेदनाएं हैं।

Exit mobile version