गार्ड के हाथ से गिरी बंदूक से छूटी गोली, बैंककर्मी घायल

नोएडा। जेवर की इंडियन बैंक की शाखा में तैनात गार्ड के हाथ से अचानक बंदूक छूटकर गिरने से चली गोली बैंककर्मी को जा लगी। गोली लगने से बैंक में तैनात संविदाकर्मी अजय निवासी ढुंढेरा घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज कराया गया। उसकी हालत में सुधार है। वहीं इस मामले में कर्मचारी की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।

झाझर रोड स्थित इंडियन बैंक में बुलंदशहर के काबरा गांव निवासी शिवपाल सिंह गनर के रूप में तैनात हैं। मंगलवार को वह ड्यूटी पर थे। इस दौरान शिवपाल के हाथ से अचानक बंदूक छूट गई। नीचे गिरते ही बंदूक से गोली चल गई। गोली से निकले छर्रे केबिन के पास खड़े बैंक में संविदाकर्मी अजय के पैर में जाकर लगे। अजय स्टाफ को चाय-पानी देने का काम करते हैं। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी।

सीसीटीवी में दिखा घटनाक्रम
जिस वक्त बंदूक से गोली चली उस दौरान बैंक में ग्राहक भी मौजूद थे। गनीमत थी कि बंदूक की नाल नीचे की तरफ थी। इससे सिर्फ कर्मचारी के पैर में ही छर्रे लगे। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन अशोक कुमार का कहना है कि मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, हालांकि जेवर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की जांच में दिख रहा है कि गार्ड के हाथ से बंदूक गिरने के बाद गोली चली है।

Exit mobile version