गाजियाबाद: दहेज में क्रेटा मांगने पर बंधक बनाई बारात, 17 लाख देकर छूटा लड़का पक्ष

गाजियाबाद। दहेज में क्रेटा कार की डिमांड करना दूल्हे समेत बारातियों को भारी पड़ गया। लड़की पक्ष ने बारात के प्रमुख लोगों को बंधक बनाकर सारी रात पंडाल में गुजरवाई। जबकि बाद में इस फैसले पर छोड़ा कि शादी में खर्च हुई रकम दूल्हा पक्ष देगा। ऐसे में साढ़े 12 लाख कैश देने समेत पांच लाख के एवज में गाड़ी व जेवरात गिरवी रखने के बाद दूल्हा और प्रमुख बाराती वहां से निकले।

दरअसल गाजियाबाद भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव से एक युवक की बारात बुधवार को बुलंदशहर में गुलावठी क्षेत्र के बागवाला गांव में गई थी। बताया जा रहा है कि निकाह से पहले लड़के ने दहेज में क्रेटा कार की डिमांड रख दी। लड़की वाले गाड़ी पर सिर्फ 8 लाख रुपए खर्च करना चाहते थे। ऐसे में वे स्विफ्ट कार देने का प्लान कर रहे थे। खुद दूल्हे, उसके भाई और पिता ने बिचौलिये को फोन करके अपनी डिमांड पूरी होने पर ही बारात लेकर आने के लिए कहा। बिचौलिये ने इस डिमांड की रिकॉर्डिंग मोबाइल पर कर ली। बुधवार दोपहर में बारात पहुंच गई। निकाह की तैयारियां शुरू हो गईं। इस बीच फिर से कार को लेकर बात शुरू होने लगी। बिचौलिये ने लाउड स्पीकर के जरिये मोबाइल रिकॉर्डिंग सबको सुना दी। जिसके बाद लड़की पक्ष के लोग उखड़ गए। उन्होंने निकाह करने से साफ इंकार कर दिया। लड़की पक्ष ने बारातियों को जाने दिया, लेकिन दूल्हा समेत प्रमुख लोगों को बंधक बना लिया। वे अड़ गए कि निकाह की तैयारियों में खर्च हुए रुपए वापस मिलने के बाद ही दूल्हे को यहां से जाने देंगे।

टेंट में गुजारी बर्फीली रात
दूल्हा और उसका परिवार सारी रात शमियाने के नीचे बैठे रहे। वार्ताओं का दौर चलता रहा। गुरुवार को तय हुआ कि निकाह की तैयारियों में लड़की पक्ष के साढ़े 17 लाख रुपए खर्च हुए हैं। लड़का पक्ष इस खर्चे की भरपाई करेगा। इस पर लड़के पक्ष ने साढ़े 12 लाख रुपए उन्हें हाथोंहाथ लौटा दिए। पांच लाख रुपए की एवज में लड़के पक्ष ने अपनी एक कार और कुछ जेवरात गिरवीं रखे हैं। जब वे पांच लाख रुपए लड़की पक्ष को दे देंगे, तब ये सामान उनसे वापस ले जाएंगे।

Exit mobile version