हम घोषणा नहीं काम करने वाले हैं: जितिन प्रसाद

ग्रेटर नोएडा। लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि गांवों में घरों के बाहर की सड़कों को भी विश्वस्तरीय बनाया जाएगा। पहले घोषणाएं हो जाती थीं, लेकिन काम नहीं। योगी सरकार में ये नहीं होता है। हम घोषणा नहीं काम करने वाले हैं।

जितिन प्रसाद दादरी विधानसभा क्षेत्र के गांव आनंदपुर के जेएस पब्लिक स्कूल में पहुंचे थे। यहां उन्होंने 39 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जो कहती है, उसे करके दिखाती है।
प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश-प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। जनता की सभी समस्याओं को दूर किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से शहर से लेकर गांव-गांव तक सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। गौतमबुद्धनगर की चर्चा आज देश-दुनिया में होती है। नोएडा-ग्रेनो में औद्योगिक निवेश तेजी से बढ़ रहा है, जबकि पहले यहां कोई आना नहीं चाहता था। भय एवं आतंक का माहौल था।

समय पर काम पूरा करें अधिकारी
कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का बोरिया बिस्तर बंध गया है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में जो भी सड़कें, सेतु व ओवरब्रिज बन रहे हैं उन्हें समय से पूरा किया जाए।

अब विकासवाद की नीति लागू
राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद साफ परिवर्तन दिख रहा है। तीन राज्यों के चुनाव परिणाम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा के साथ है। अब जातिवाद व परिवारवाद नहीं चलेगा। देश में परिवारवाद की दुकान बंद होगी। अब विकासवाद की राजनीति होगी। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशोदिया, एमएलसी नरेंद्र सिंह भाटी, एमएलसी शिक्षक श्रीचंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, नगर पालिका परिषद चेयरमैन गीता पंडित, जिलाध्यक्ष गजेंद्र भाटी, दादरी ब्लॉक प्रमुख बिजेंद्र भाटी देवा भाटी, नीरज राव, मनोज सिसोदिया आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version