एसटीएफ ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार का इनामी पकड़ा, साथी फरार

बुलंदशहर। एसटीएफ समेत बुलंदशहर के खानपुर थाने की पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें 25 हजार का इनामिया अपराधी घायल हुआ है। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

बुलंदशहर के एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि रविवार देर रात एसटीएफ यूनिट गौतमबुद्धनगर और थाना खानपुर पुलिस टीम संयुक्त ऑपरेशन में लखावटी से खानपुर जाने वाले रास्ते पर ढकरौली बम्बे के पास संदिग्ध वाहन की चेकिंग कर रही थी। उसी समय एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति सामने से आते दिखाई दिए। जिनको रुकने का इशारा किया गया, लेकिन दोनों लोगों ने पुलिस को देखकर बाइक तेजी से मोड़कर वापस भागने लगे। पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया, इस बदमाशों ने अपनी बाइक ढकरौली बम्बे के कच्चे रास्ते पर मोड़ ली। बाइक मुड़ते ही फिसल कर गिर गई। बदमाशों ने पुलिस से घिरता देखा तो पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। इस पर एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जिसे गिरफ्तार किया गया।

इनामिया दीपक निकला घायल बदमाश
दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भागने में सफल रहा। पकड़े गए बदमाश की पहचान दीपक निवासी ग्राम पारपा थाना कपूरपुर जनपद हापुड़ के रूप में हुई। उसपर विभिन्न थानों में विद्युत अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर खानपुर थाने से 25 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस दूसरे बदमाश की तलाश कर रही है।

Exit mobile version