स्मॉग के बीच राहत की बारिश, अब भी डेंजर जोन में गाजियाबाद

गाजियाबाद। दिल्ली समेत एनसीआर में जहरीली धुंध के बीच बारिश ने काफी राहत पहुंचाई है। तीन घंटे की बारिश के बाद अब प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली सरकार 20 नवंबर के आसपास कृत्रिम बारिश कराने की तैयारी में थी। उससे पहले ही प्राकृतिक बारिश हो गई है।

केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड ने शुक्रवार सुबह जो एयर क्वालिटी का इंडेक्स जारी किया है, उसमें दिल्ली-एनसीआर के शहरों का एक्यूआई अभी भी डेंजर श्रेणी में है। मौसम का मिजाज बदलने से तापमान में हल्की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने आज दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार सुबह वेस्ट यूपी का मौसम ने करवट ली। आसमान में छाए बादलों से रिमझिम बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट भी रिकॉर्ड हुई। मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की जानकारी मिली है। सुबह 5 बजे के आस-पास बारिश के चलते गाजियाबाद के कई इलाकों में पॉवर कट हो गया। गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह नोएडा के कई हिस्सों में भी बारिश हुई है।

अब दिवाली बाद खुलेंगे स्कूल
स्मॉग की वजह से गाजियाबाद और नोएडा के स्कूलों में 10 नवंबर तक छुट्टियां हैं। हालांकि बच्चों को ऑनलाइन क्लास कराई जा रही हैं। माना जा रहा है कि 11 नवंबर से स्कूलों में दिवाली की छुट्टियां हो जाएंगी। इसलिए स्कूल अब भैयादूज के बाद ही खुल पाएंगे। इधर, अगर बारिश फिर से हुई तो स्माग में और सुधार हो जाएगा। अन्यथा की स्थिति में आनलाइन पढ़ाई का ही विकल्प बचा है।

गाजियाबाद-नोएडा में सुधार नहीं
मेरठ का एक्यूआई 418, ग्रेटर नोएडा का 402, गाजियाबाद का 387, नोएडा का 368, हापुड़ का 356 और लखनऊ का 274 दर्ज किया गया है। गाजियाबाद और नोएडा में जिस प्रकार रात से बूंदाबांदी हो रही है, उस तरह से एयर क्वालिटी में खास सुधार दर्ज नहीं किया गया है। मेरठ में पहली बार ऐसा हुआ है, जब एक्यूआई डेंजर जोन में पहुंच गया है। लेकिन, यहां सुबह से हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई है। हवाएं भी चल रही हैं। इससे वायु प्रदूषण के आंकड़ों में कुछ सुधार होने की गुंजाइश लग रही है।

Exit mobile version