अरविंद हत्याकांड में मुकदमा दर्ज, फरार महिला की तलाश जारी

गाजियाबाद। कार में युवक की लाश मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि पोस्टमाटम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पश्ट नहीं हुई लेकिन उस वक्त युवक के साथ रही महिला की गतिविधियों को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने यह कार्रवाई अमल में लाई है। वहीं अब उस महिला की तलाश शुरू कर दी गई है जो खुद को युवक की पत्नी बता रही थी।

विजयनगर क्षेत्र में रविवार को एनएच-9 पर रविवार को दिल्ली के बुराड़ी निवासी अरविंद प्रसाद अपनी कार में घायल मिले थे। उनकी जांघ से खून बह रहा था। सूचना पर एंबुलेंस पहुंची तो उनके साथ बैठी महिला ने खुद को अरविंद की पत्नी बताया और कहा कि वे मथुरा जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार के आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगा दिए तो अरविंद ने ब्रेक लगाए। ऐसे में कार के डैशबोर्ड पर रखा चाकू उनकी जांघ पर लग गया और खून निकलने लगा। महिला का कहना था कि मदद के लिए उन्होंने काफी गुहार लगाई थी, लेकिन कोई नहीं रुका।

अस्पताल में किया मृत घोशित
एमएमजी अस्पताल में ले जाने पर चिकित्सकों ने अरविंद को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला फरार हो गई। एसीपी कोतवाली निमिष पाटिल ने बताया कि मामला संदिग्ध है। अरविंद के साथ जो महिला थी उसके बारे में अरविंद के परिजनों को भी जानकारी नहीं है। महिला की तलाश में दो टीम दबिश दे रही हैं।

सीसीटीवी समेत कॉल रिकार्ड खंगाले
पुलिस ने अब उस जगह समेत आसपास इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखनी शुरू कर दी है, जहां अरविंद घायलावस्था में अपनी कार में था। एंबुलेंस लेकर गए कर्मचारियों से भी पुलिस ने पूछताछ की। साथ ही महिला के हुलिया के बारे में जानकारी जुटाई। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज के अलावा अरविंद की कॉल डिटेल भी पुलिस खोज रही है। ताकि उस महिला का पता लग सके जो खुद को अरविंद की पत्नी बता रही थी। पुलिस का मानना है कि उसके पकड़े जाने के बाद ही अरविंद की मौत का राज खुल सकेगा।

Exit mobile version