भाजपा दोबारा सत्ता में आई तो छिन जाएगा वोटिंग का अधिकार: अखिलेश

शाहजहांपुर। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर ने शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर मंच से जमकर प्रहार किया।

अखिलेश यादव ने कहा जिस संविधान को भीमराव अंबेडकर ने दिया। आज सबसे ज्यादा खतरा किसी पर है तो वह उसी संविधान पर है। ये बात हवा हवाई नहीं है कि भाजपा दोबारा सत्ता में आई तो वह हमारे-आपके वोट डालने का अधिकार भी छीन लेगी। अगर अधिकार छिन गया तो सोचिए कि क्या हम सरकार बदल पाएंगे। इसलिए हमारे सामने चुनौती है और बहुत बड़ी लड़ाई है जिसे हमें जीतना है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने के साथ देश में भाजपा के अन्य नेताओं ने सड़कों पर झाड़ू लगाई लेकिन वह झाड़ू शाहजहांपुर में नहीं लगी। शाहजहांपुर में दो मंत्री और छह विधायक होने के बाद भी यहां की टूटी सड़क हैं। गंदगी से लोग परेशान हैं। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

जल्द बाहर आएंगे आजम
इसके अलावा अखिलेश यादव ने देवरिया कांड को लेकर कहा कि हमारी पार्टी ने दोनों पक्षों का साथ दिया। भाजपा ने एक पक्ष का साथ दिया है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि आजम खान के साथ राजनीतिक कर्म से जुल्म हो रहा है । आजम खान जल्द बाहर आकर पार्टी के लिए काम करेंगे।

हमारी सीटों पर कांग्रेस ने उतारे प्रत्याशी
मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कांग्रेस को जब समर्थन की जरूरत थी। उस समय सपा ने उसका समर्थन किया। जिस समय कांग्रेस के नेताओं से बात हुई। उस समय मैंने कहा था कि जो हमसे सहयोग लेना चाहो ले लो, हम भाजपा के खिलाफ लड़ेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री के साथ बैठक हुई। हमें आश्वासन दिया गया कि विधानसभा चुनाव में हमें लगभग 6 सीटें दी जा सकती हैं, लेकिन जब कांग्रेस की सूची आई तो हमारी जीती हुई सीटों पर भी उन्होंने प्रत्याशी घोषित कर दिया। मजबूरी में समाजवादियों को अपने मजबूत क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझते हुए चुनाव लड़ाना पड़ रहा है।

Exit mobile version