बीवी के प्रेमी की हत्या कर थाने पहुंचा युवक, गुनाह कबूला

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में युवक ने धारदार हथियार से प्रहार कर एक अन्य युवक की हत्या कर दी। मृत युवक आरोपी की पत्नी का प्रेमी बताया जा रहा है। मामले की जानकारी पर पलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। आरोपी ने पुलिस के सामने अपना गुनाह भी कबूला है।

घटना जगदीशपुरा क्षेत्र में खतैना रोड की है। यहां रहने वाले विनोद की पत्नी सीमा कुछ महीने पहले इलाके में रहने वाले बंटू नाम के युवक के साथ चली गई थी। तकरीबन छह महीने बाद दोनों वापस लौटे तो विनोद ने बंटू को अपनी पत्नी के साथ देख लिया था। इस बौखलाहट में विनोद खुद को रोक नहीं सका और घर में रखा चाकू उठाकर बंटू पर प्रहार किया। बचाव में बंटू भागा लेकिन विनोद ने उसे गली में दौड़ाकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जाता है कि उस पर चाकू से कई प्रहार किए गए।
पुलिस घायल बंटू को मेडिकल कॉलेज ले गई। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी ओर, खून से सना चाकू लेकर विनोद थाने जा पहुंचा। उसने पुलिस वालों से कहा-मैंने अपनी बीवी के आशिक को मार दिया…मुझे इस बात का कोई अफसोस नहीं है।

कोई बीच में आया तो मार डालूंगा
इलाकाई लोगों के मुताबिक बंटू पर प्रहार करते वक्त विनोद चीख रहा था कि कोई बीच में मत आना, वरना उसे भी मार डालूंगा। बीच सड़क पर वह बंटू को चाकू से गोदता रहा लेकिन मजाल हो कि कोई बीच में आ जाता। लोगों ने बताया कि उसके सिर पर खून सवार था, ऐसे में वह किसी को बख्शने वाला नहीं था। भला कौन अपनी जान आफत में डालता। पुलिस को बुला लिया लेकिन पुलिस जब तक पहुंची तब तक बंटू के शरीर से काफी खून निकल चुका था। पूरी गली में खून ही खून बिखर गया था।

प्रेम प्रसंग बने घटना की वजह
डीसीपी सूरज राय ने बताया कि विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी तो वहां मर्डर हो चुका था। उन्होंने बताया, बंटू और विनोद परिचित थे। बंटू के विनोद की पत्नी सीमा के साथ प्रेम संबंध थे। बंटू सीमा को अपने साथ ले गया था। सात महीने से सीमा और बंटू साथ रह रहे थे। दोनों बोदला में किराए के मकान में रह रहे थे। कल बंटू सीमा को लेकर आनंद नगर पहुंचा। दोनों को साथ देखकर विनोद का खून खौल उठा। दोपहर में वह चाकू लेकर पहुंचा। उसने बंटू को पकड़ लिया। दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद विनोद ने बंटू पर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। एक तरफ पुलिस वाले मौके पर पहुंचे, दूसरी तरफ विनोद खुद ही थाने आ गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

Exit mobile version