यूपी में पूर्व जिला पंचायत सदस्य की हत्या के बाद दूसरे पक्ष के पांच लोगों की हत्या

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सोमवार की सुबह खूनी संघर्ष में छह लोगों की हत्या हो गई। रुद्रपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया। मरने वालों में पांच लोग एक ही परिवार के शामिल हैं। एक युवक घायल है जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने ने घटनास्थल का मुआयना किया। गांव में तनाव की स्थिति देखते पुलिस बल के साथ पीएसी को तैनात कर दी गई है।

रूद्रपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर ग्राम पंचायत में सोमवार सुबह 6 बजे प्रेम यादव का शव गली में पड़ा मिला। उनकी गला काटकर हत्या की गई थी। हत्या किसने की यह स्पष्ट नहीं था। लेकिन, यादव परिवार का शक सत्य प्रकाश दुबे पर गया। इसकी वजह थी कि प्रेम यादव और सत्य प्रकाश दुबे के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। प्रेम यादव सुबह इसी विवाद के चलते सत्य प्रकाश के घर गए हुए थे। उसके बाद सत्य प्रकाश दुबे के घर से करीब 20 मीटर दूर प्रेम यादव का शव पड़ा मिला। प्रेम यादव के परिजनों ने इस हत्याकांड का बदला लेने की ठानी। उन्होंने सत्य प्रकाश यादव के घर पर हमला बोल दिया।

प्रेम यादव के परिजनों ने लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और बंदूकों के साथ हमला बोला था। सत्य प्रकाश दुबे के पड़ोसी जब तक कुछ समझ पाते उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद हमलावरों ने सत्य प्रकाश की बेटी सलोनी (18) को गोली मारी और चाकू से वार किए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद 10 साल की बेटी नंदनी और 15 साल के बेटे गांधी को भी मार डाला। सबसे आखिर में 8 साल के बेटे अनमोल पर हमला किया। उस पर कई वार किए और उसे मरा समझकर छोड़ गए। उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रुद्रपुर पुलिस में फोर्स पहुंची तब तक हमलावर भाग चुके थे। उसके बाद पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा एवं जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांव के हजारों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। गांव के चारों तरफ पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। स्पेशल डीजी कानून व्यवस्था एवं अपराध प्रशांत कुमार ने कहा कि देवरिया के रुद्रपुर तहसील के फतेहपुर गांव के लेहड़ा टोले में आपसी रंजिश में हुए विवाद में एक पक्ष के एक व्यक्ति की मौके पर मृत्यु हुई तथा दूसरे पक्ष के छह लोगों को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां पांच लोगों की मृत्यु हुई। प्रथम दृष्टया घटना आपसी रंजिश से संबंधित है। आज सुबह प्रेम यादव सत्यप्रकाश दुबे के घर पर आए थे, जिसमें कहासुनी हुई और सत्यप्रकाश दुबे और उनके परिजनों ने प्रेम यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी। कुछ देर बाद प्रेम यादव के टोले अभयपुर से लोगों ने सत्यप्रकाश दुबे के घर पर हमला कर घटना को अंजाम दिया। मामले में दो गिरफ्तारी हुई है। प्रकरण की जांच जारी है।

घटनास्थल पहुंचे कमिश्नर और आईजी
फतेहपुर गांव में हुई 6 लोगों की हत्या की सूचना मिलने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ट्वीट के बाद गोरखपुर कमिश्नर अनिल ढींगरा और आईजी जे रविंद्र गौड घटनास्थल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने डीएम और एसएसपी से पूरे मामले की जानकारी ली। साथी घटना में शामिल आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों को कहना है कि किसी भी हाल में कोई भी दोषी बचना नहीं चाहिए।

सीएम ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्विटर(एक्स)पर देवरिया में हुई 6 लोगों की घटना पर शोक व्यक्त किया है। सीएम ने कहा कि देवरिया की दुर्भाग्यपूर्ण घटना अत्यंत दुखद एवं निंदनीय है। मेरी शोक संतप्त परिजनों के साथ है। एडीजी कमिश्नर आईजी को मौके पर पहुंचकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Exit mobile version