कल से बदल जाएगी दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग, डीएमआरसी ने जारी किया नया टाइम टेबल

प्रतीकात्मक चित्र

दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित नवनिर्मित भारत मंडपम में 9 और 10 सितंबर 2023 को होने वाले आगामी जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसमें विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यध और विदेशी मेहमान शामिल होंगे। इसके मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर कई उपाय किए जा रहे हैं। जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान 8 से 10 सितंबर तक सभी लाइनों पर मेट्रो का संचालन सुबह 4 बजे से शुरू होगा।

DMRC की तरफ से बताया गया है कि 8 से 10 सितंबर तक तीन दिन के लिए दिल्ली मेट्रो ट्रेन सेवा सभी लाइनों पर सुबह 4 बजे से शुरू होगी। 9 और 10 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर आने-जाने की सुविधा नहीं होगी। हालांकि, 8 से 10 सितंबर तक अन्य सभी मेट्रो स्टेशन आम नागरिकों के लिए पूर्व की तरह खुले होंगे। यह निर्णय सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। दिल्ली मेट्रो की सभी ट्रेनें सुबह 6 बजे तक 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। 6 बजे के बाद सभी लाइनों पर मेट्रो सेवा सामान्य तौर से चलेगी। इससे पहले दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने Delhi Metro Rail Corporation (DMRC)के मैनेजिंग डायरेक्टर विकास कुमार को एक खत लिख आग्रह किया था कि 8, 9 और 10 सितंबर को मेट्रो स्टेशन पर सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू की जाएं। इससे जी 20 समिट के दौरान तैनात सुरक्षाकर्मियों को आने-जाने में मदद मिलेगी।

यूं तो 9 और 10 सितंबर को अभी सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो सेवा प्रभावित रहने की बात कही गई है। हालांकि, अगर सुरक्षा एजेंसियों को जरुरत महूसस हुई तो कुछ अन्य मेट्रो स्टेशनों पर भी सेवाओं में बदलाव किया जा सकता है। नई दिल्ली जिले में पड़ने वाली तीन मेट्रो स्टेशनों को छोड़ अन्य सभी मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा सामान्य रूप से उपलब्ध होगी। सिर्फ सुप्रीम कोर्ट, पटेल चौक और राम कृष्ण आश्रम मार्ग पर पार्किंग की सुविधा 8 सितंबर की सुबह 4 बजे से लेकर 11 सितंबर दोपहर 12 बजे तक नहीं रहेगी।

Exit mobile version