G20 के निमंत्रण पत्र पर इंडिया की जगह भारत, कांग्रेस का आरोप- सरकार ने बदला नाम

राहुल गांधी और जयराम रमेश

नई दिल्ली। दिल्ली के प्रगति मैदान में 9-10 सितंबर के बीच जी-20 बैठक होने जा रही है। इस बैठक के डिनर में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति भवन से एक इन्विटेशन कार्ड भेजा गया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश का आरोप है कि इन्विटेशन कार्ड पर President Of India की जगह President Of Bharat लिखा गया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने लिखा, ‘तो खबर सच है। राष्ट्रपति भवन ने 9 सितंबर को जी20 डिनर के लिए ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ के बजाए ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ नाम से न्योता भेजा है। अब संविधान का अनु्च्छेद पढ़ा जाएगा: भारत, अर्थात इंडिया, राज्यों का संघ होगा।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘लेकिन अब इस राज्यों के संघ पर भी हमला किया जा रहा है।’ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा, ‘इंडिया’ शब्द से यह सहम गए हैं। क्या वे इस हद तक चले जाएंगे कि वे संविधान बदल देंगे? संविधान में लिखा है, ‘इंडिया दैट इज़ भारत’… भाजपा के अंदर का डर मोदी जी का भय दिखाता है। इधर INDIA का गठन हुआ उधर भाजाप का बोरिया बिस्तर समेटना शुरू हुआ… आप ‘इंडिया’ शब्द को धरती से नहीं मिटा सकते। हमें अपने भारत और इंडिया पर गर्व है।’

भाजपा का जवाब
केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा, ‘उन्हें(कांग्रेस) हर चीज़ पर आपत्ति है। उन्हें आपत्ति रहे, मैं इसपर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। मुझे नहीं पता कि उन्हें क्या ऐतराज है? मैं एक भारतवासी हूं, मेरे देश का नाम पहले भी भारत था, आज भी भारत है और आगे भी भारत रहेगा। इसमें कांग्रेस को क्या आपत्ति है वही बताएं और अगर आपत्ति है तो इसका इलाज वे ही ढूंढें।’

असम के मुख्‍यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ भारत शब्‍द का प्रयोग किए जाने पर कहा, ‘रिपब्लिक ऑफ भारत – खुशी और गर्व है कि हमारी सभ्यता साहसपूर्वक अमृत काल की ओर आगे बढ़ रही है।’

गौरतलब है कि अबतक यह परंपरा थी कि सभी आधिकरिक दस्‍तावेजों में ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ शब्‍द का प्रयोग किया जाता था। यह पहला मौका है जब ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ शब्‍द का प्रयोग किया गया है। जी20 सम्‍मेलन नौ और 10 सितंबर को दिल्‍ली में होना है, जिसके चलते सभी 20 देशों के राष्‍ट्राध्‍यक्ष भारत आएंगे। इस दौरान राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सभी अतिथियों को नौ सितंबर को राष्‍ट्रपति भवन में रात्रिभोज देंगी।

Exit mobile version