वैगनर ग्रुप के चीफ प्रिगोझिन की प्लेन क्रैश में मौत, राष्ट्रपति पुतिन के खिलाफ की थी बगावत

मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ बगावत करने वाले उनके पूर्व मित्र, शेफ और निजी सेना ‘वैग्नर ग्रुप’ के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन की एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई है। मॉस्को में बुधवार को एक विमान दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई। माना जा रहा है कि मृतकों में येवगेनी प्रिगोझिन भी शामिल हैं।

रूस के इमरजेंसी सिचुएशन मिनिस्ट्री ने कुछ देर पहले कहा, “चालक दल के 3 सदस्यों सहित जहाज पर 10 लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहाज पर सवार सभी लोगों की मौत हो गई।” अंतरराष्ट्रीय समय अनुसार शाम पांच बजे के आसपास मंत्रालय ने घोषणा की कि “मास्को से सेंट पीटर्सबर्ग जा रहा एक निजी एम्ब्रेयर लिगेसी विमान टवर क्षेत्र के कुज़ेनकिनो गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।” उसने कहा कि वह तलाशी अभियान चला रहा है।

प्रिगोझिन की मौत पर क्या बोला रूस
इस हवाई दुर्घटना के लगभग एक घंटे बाद रूसी संघीय विमानन एजेंसी रोसावियात्सिया ने एक बयान जारी कर पुष्टि की कि यात्री सूची में येवगेनी प्रिगोझिन का नाम था। रोसावियात्सिया ने इस दुर्घटना को लेकर असामान्य रूप से काफी जल्दी प्रतिक्रिया दी। इस रूसी एजेंसी की आमतौर पर ऐसी घटनाओं पर प्रतिक्रिया देने की रफ्तार बहुत धीमी होती है। ऐसे में रोसावियात्सिया की येवगेनी प्रिगोझिन को लेकर दिया गया बयान चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग प्रिगोझिन की मौत को पूरी तरह से एक साजिश मान रहे हैं।

17 साल पहले भी इसी तरह हुई थी संदिग्ध मौत
रूस के एक खुफिया अधिकारी अलेक्जेंडर लिट्विनेंको थे, जिन्होंने पुतिन पर कथित तौर पर कई आवासीय इमारतों को उड़ाने का आदेश देने का आरोप लगाया था ताकि हमलों का दोष चेचन अलगाववादियों पर लगाया जा सके। उस वक्त भी पुतिन ने लिट्विनेंको को बार-बार ‘देशद्रोही’ कहा था। तब लिट्विनेंको ब्रिटेन भाग गए थे। 2006 में उन्हें लंदन में रेडियोधर्मी पोलोनियम- 210 घातक जहर दे दिया गया था। यूरोपियन कोर्ट ने 2021 में एक फैसले में कहा था कि इस हत्याकांड के पीछे रूस का हाथ था।

Exit mobile version