चंद्रयान-3 की सफलता पर दुनिया भर से भारत को मिल रही बधाई

नई दिल्ली। इसरो के चंद्रयान-3 ने बुधवार शाम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरकर इतिहास रच दिया है। इस सफलता के साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान उतारने वाला दुनिया का पहला देश बन गया जबकि चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बन गया। भारत की इस सफलता को दुनियाभर के नेताओं ने सराहा है, साथ ही भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं भेजीं।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक लैंडिंग के लिए भारत को बधाई दी। उन्होंने X (ट्विटर) पर लिखा, “इस अभियान में शामिल सभी वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के लिए यह एक अविश्वसनीय उपलब्धि है। हमें इस मिशन और अंतरिक्ष अन्वेषण में आपके साथ अधिक व्यापक साझेदारी पर गर्व है।” संयुक्त अरब अमीरात के प्रधान मंत्री शेख मोहम्मद ने लिखा, “चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के लिए भारत में हमारे दोस्तों को बधाई। राष्ट्रों का निर्माण दृढ़ता से होता है, भारत इतिहास बनाता रहता है।” संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद ने भारत की इस सफलता पर लिखा, “मैं चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए अपने मित्र नरेंद्र मोदी और भारतीय लोगों को ढेर सारी बधाई देता हूं। यह एक अद्भुत वैज्ञानिक उपलब्धि है और मानवता की सेवा में भारतीय सभ्यता के योगदान का प्रमाण है।मैं सच्चे दिल से भारत की और अधिक सफलता की कामना करता हूं।”

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के प्रमुख बिल नेल्सन ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ (ट्विटर) पर लिखा, “चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग के लिए इसरो को बधाई! चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान की सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग कराने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई। हमें इस मिशन में आपका भागीदार बनकर खुशी हो रही है।”

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन की प्रेस सेवा ने कहा कि पुतिन ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने पर बधाई दी। पुतिन ने अपने संदेश में कहा कि यह बाहरी अंतरिक्ष की खोज और विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भारत की प्रभावशाली प्रगति का साक्ष्य है। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल प्रचंड ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और भारत की इसरो टीम को चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने के लिए बधाई देता हूं। ब्रिटिश विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सबसे पहले पहुंचने के लिए भारत को बधाई।

चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर सफलतापूर्वक लैंडिंग के बाद ईराइल, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन और आस्ट्रेलिया के दूतों ने बधाई दी। इजरायली दूत नाओर गिलोन ने इस उपलब्धि के लिए भारत और इसरो को बधाई दी और कहा कि इसने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया है। ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने भी भारत को बधाई दी और कहा ‘बधाई हो’। फ्रांसीसी दूतावास ने भी खुशी जताते हुए भारत के लोगों को बधाई दी। भारत में जर्मन दूत फिलिप एकरमैन ने इसे ‘ऐतिहासिक दिन’ बताते हुए भारत को बधाई दी। भारत में आस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने भी भारत को बधाई दी और कहा कि उनकी पूरी टीम इस पल को लाइव देख रही थी।

पीएम मोदी ने इसरो चेयरमैन को फोन कर दी बधाई
चंद्रयान-3 मिशन को 14 जुलाई 2023 को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया था। बुधवार को जैसे ही चंद्रयान-3 मिशन के लैंडर ने चांद की सतह पर लैंड किया पूरा भारत खुशी से झूम उठा। पूरी दुनिया में भारत की इस उपलब्धि की चर्चा हुई। मिशन की सफलता के बाद पीएम मोदी ने जोहानिसबर्ग से ही इसरो चेयरमैन एस सोमनाथ को फोन कर मिशन की सफलता पर बधाई दी और कहा कि संभव हुआ तो वह जल्द इसरो मुख्यालय आकर पूरी टीम से मिलेंगे। प्रधानमंत्री फिलहाल ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर हैं।

Exit mobile version