Chandrayaan 3 की लैंडिंग से पहले कवि राजनयिक अभय ने लिखा ‘मून एंथम’

नई दिल्ली। भारत का तीसरा चंद्रमा मिशन चंद्रयान-3 रवाना होने के 40 दिनों के बाद बुधवार को चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करने के लिए तैयार है, पूरे विश्न की निगाहें इस पर लगी हुई है। भारत की इस सफलता से पहले कवि और राजनयिक अभय ने चंद्रगान लिखा है। चंद्रयान की सफलता के लिए राजनयिक ने मैडागास्कर की राजधानी एंटानानारिवो में यह चंद्रगान लिखा है।

मून एंथम की शुरुआती पक्तियां कुछ इस प्रकार है, ‘आकाशीय हीरा, प्राचीन घड़ी, ब्रह्मांडीय लैम्पपोस्ट, रात का कोमल चुंबन, लुभाने वाले महासागर, रहस्यमय सूर्य, चांदी की देवी, जो स्वर्ग को रोशन कर रही है…।’ यह एंथम भारत के तीसरे चंद्र मिशन के लिए है, जिसे गहरे अंतरिक्ष में भविष्य के अन्वेषणों के तैयार किया गया है। इस गान को बाद में विश्व के प्रसिद्ध वायलिन वादक और संगीतकार डॉ. एल सुब्रमण्यम चंद्रगान के लिए धुन तैयार करेंगे और मशहूर गायिका कविता कृष्णमूर्ति इसे अपने आवाज में गाएगी।

राजनयिक अभय ने सभी ग्रहों पर गान लिखा है। उनके द्वारा लिखी गई पृथ्वीगान अब तक 150 भाषाओं में अनुवाद की जा चुकी है। इसे मुख्य रूप पृथ्वी दिवस और विश्व पर्यावरण दिवस मनाने के लिए लिखा गया था। बुधवार को चंद्रयान 3 की सॉफ्ट लैंडिंग पर अभय ने कहा, ‘यह बहुत ही गर्व की बात है कि भारत का चंद्रयान 3 कुछ ही क्षण में चंद्रमा पर लैंड करने वाला है। डेढ़ अरब भारतवासियों का सपना पूरा होने वाला है। कवि अभय रूस, नेपाल, ब्राजील, मेडागास्कर और कोमोरोस में विभिन्न राजनयिक पदों पर काम कर चुके हैं।’

बता दें भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अनुसार, चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरकर इतिहास रचने के लिए पूरी तरह तैयार है। सॉफ्ट-लैंडिंग का प्रयास 18:04 बजे IST पर निर्धारित किया गया है। लैंडिंग ऑपरेशन का सीधा प्रसारण बुधवार शाम 5:20 बजे IST से शुरू होगा। लैंडिंग की लाइव गतिविधियां इसरो वेबसाइट, इसके यूट्यूब चैनल, फेसबुक और सार्वजनिक प्रसारक डीडी नेशनल टीवी पर 23 अगस्त, 2023 को शाम 5:27 बजे IST से उपलब्ध होंगी।

Exit mobile version