मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई के सायन रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। रेलवे स्टेशन पर एक महिला को उस व्यक्ति से धक्का लगा था। जिससे नाराज होकर उसने और उसके पति ने उसे पीटा। हाथापाई में शख्स ट्रेक पर जा गिरा और तभी ट्रेन आ गई और उसकी कटकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी दंपति को गैर इरादतन हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना 13 अगस्त की है। इसका वीडियो अब सामने आया है।
इस घटना का एक CCTV वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एमएसआरटीसी (MSRTC) के 26 वर्षीय कर्मचारी दिनेश ट्रेन के इंतजार में प्लेटफॉर्म पर घूम रहा है। तभी शीतल माने नाम की महिला से टकरा जाता है। इसके बाद दोनों में बहस होती है, महिला दिनेश को छाते से मारने लगती है। इसी बिच महिला का पति अविनाश गुस्से में दिनेश को थप्पड़ मार देता है। थप्पड़ लगते ही दिनेश लड़खड़ाते हुए ट्रैक पर गिर जाता है।
इस दौरान दिनेश ने प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश भी की। लोगों ने ट्रेन को रोकने के लिए हाथ भी हिलाया। शीतल इस दौरान अपना छाता भी ट्रेन के सामने लहराती दिखी। लेकिन दिनेश उसमें फंसते हुए आगे तक घिसट जाता है। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया जाता है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो जाती है।
दिनेश नशे में था
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला की दिनेश ने शराब पी रखी थी। वो मुंबई की बस सेवा में लोडर का काम करता था। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी पति-पत्नी को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों धारावी के रहने वाले हैं और घटना के समय सायन से मानखुर्द जा रहे थे।