गाजियाबाद में पक्षी तस्कर गिरफ्तार, पिंजरे में मिले 125 मरे हुए तोते

गाजियाबाद। पीपल्स फॉर एनिमल संस्था ने पुलिस के साथ कार्रवाई करते हुए एक पक्षी तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 135 तोते बरामद हुए हैं, जिनमें 125 तोते मृत पाए गए हैं। साथ ही आरोपी ने एनजीओ पदाधिकारी को चाकू मारने का प्रयास किया, जिसमें वे बाल-बाल बच गए।

पीएफए संस्था के पदाधिकारी गौरव गुप्ता ने बताया कि बुधवार को सूचना मिली थी कि रामपुर से तौफीक खान व शकील खान 200 हरे तोते लेकर गाजियाबाद आए हैं और कौशांबी मेटो स्टेशन के पास तीसरे व्यक्ति को इसकी डिलीवरी दी जानी है। इस सूचना पर हम कौशांबी थाना पुलिस के साथ स्टेशन पर एक्टिव हो गए। इस दौरान ऑटो से एक व्यक्ति उतरा। उसके हाथ में दो पिंजरे थे, जो सफेद कपडे से ढके हुए थे। मैंने जैसे ही उसे पकडने का प्रयास किया तो वो इरादे भांप गया और जेब से चाकू निकाल लिया। समय रहते मैंने उसे पकडकर चाकू छीन लिया। इसी दौरान पुलिस पहुंच गई और आरोपी को अपनी गिरफत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम फैजान उर्फ फिरोज निवासी नहटौर, जिला बिजनौर बताया। उससे कुल 135 तोते और 4 कछुए बरामद हुए हैं। पिंजरे में 125 तोते मृत पाए गए हैं। फैजान के मुताबिक, ये सभी पक्षी दिल्ली निवासी तौफीक खान और शकील खान के हैं। इन दोनों युवकों के विरूद्ध दिल्ली के थाना शास्त्री पार्क में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। थाना कौशांबी पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version