कांवड़ियों पर लाठीचार्ज के बाद हटे IPS प्रभाकर चौधरी तो अखि‍लेश ने योगी सरकार पर कसा तंज

बरेली। यूपी के बरेली में कांवड़ियों पर लाठीचार्ज के बाद एसएसपी प्रभाकर चौधरी का तबादला चर्चा में बना हुआ है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रभाकर चौधरी के तबादले को लेकर यूपी सरकार पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बरेली में भाजपा के लोग दंगा कराना चाहते थे। जिस अधिकारी ने दंगा होने से रोका, उसे सरकार ने हटा दिया।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो कानून व्यवस्था की बात करता है, उसे भ्रष्ट भाजपा सरकार बर्खास्त कर देती है। भाजपा ने सिर्फ नारे दिए हैं। कोई काम नहीं किया है। भारत सिर्फ बातों से नहीं ठोस कामों से बदलेगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन भाजपा के एनडीए गठबंधन को हराएगा। सपा मुखिया ने कहा कि भारत की पहचान सामाजिक सद्भाव, भाईचारा, हिन्दू-मुस्लिम एकता से है। भाजपा नकारात्मक राजनीति कर रही है। देश की हालत बेहद खराब है। मणिपुर के मुद्दे पर सरकार चुप है। समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन में शामिल दलों को साथ लेकर भाजपा को हराएगी।

बता दें बरेली में रविवार को जोगीनवादा में कांवड़ मार्ग को लेकर हालात बिगड़ गए थे। नई परंपरा शुरू करने की कोशिश कर रहे कांवड़ियों को दूसरे समुदाय की महिलाओं ने अपने धर्मस्थल के सामने धरने पर बैठकर रोक दिया था। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों से वार्ता कर माहौल को शांत करने की कोशिश की लेकिन विफल रहे।

हालात काबू में नहीं आने पर पुलिस ने कांवड़ियों पर लाठीचार्ज किया और भीड़ को खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। लाठीचार्ज में 16 लोग घायल हो गए। घटना के कुछ घंटे बाद ही एसएसपी प्रभाकर चौधरी का तबादला कर दिया गया। बारादरी कोतवाली के इंस्पेक्टर और जोगीनवादा चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया गया।

Exit mobile version