2024 चुनाव के लिए विपक्षी दलों ने बनाया ‘INDIA’, मुंबई में होगी अगली मीटिंग

नई दिल्ली। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की मेजबानी में नया विपक्षी मोर्चा बन गया है। आज बेंगलुरु में 26 विपक्षी दलों की बैठक के दौरान गठबंधन के नाम पर मुहर लग गई। गठबंधन का नाम INDIA तय किया गया है। इसका फुल फॉर्म इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस है। इसकी अगली बैठक मुंबई में होगी।

विपक्षी दलों की मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमारे गठबंधन का नाम I.N.D.I.A होगा। उन्होंने कहा कि अब UPA की जगह इसका नाम INDIA ही रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी दलों ने इस पर सहमति जताई है। इस दौरान उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अब मुंबई में विपक्ष की अगली मीटिंग होगी। उन्होंने आगे कहा कि विपक्षी गठबंधन में 11 सदस्यों की एक समन्वय समिति बनाई जाएगी और महाराष्ट्र के मुंबई में होने वाली अगली बैठक में इसके सदस्यों के नामों की घोषणा की जाएगी।

ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा ने अरुणाचल से बंगाल तक सरकारों को बेचने और खरीदने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमने जो नया गठबंधन बनाया है, उसका नाम INDIA है। अब बताइए कि क्या भाजपा या NDA की हिम्मत है कि वे INDIA को चैलेंज कर सकें। उन्होंने कहा कि हम देश के लिए साथ खड़े हुए हैं। आज से चुनौती की शुरुआत हुई है। अब देखना होगा कि NDA क्या INDIA का मुकाबला कर पाएगा। उन्होंने कहा कि हमें INDIA को बचाना है और भाजपा को देश बेचना है, जिसे हमें सत्ता से बाहर करना होगा।

उद्धव बोले- तानाशाही के खिलाफ खड़ा हो रहा है देश
इस मौके पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि देश तानाशाही के खिलाफ खड़ा हो रहा है। एक पार्टी का मतलब देश नहीं हो सकता है। हम अगली मीटिंग महाराष्ट्र में करेंगे। इसकी तारीख जल्दी ही तय हो जाएगी। वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी को 10 साल के लिए मौका दिया गया, लेकिन सब चौपट हो गया।

राहुल बोले- INDIA से जो टकराया है, वह जीत नहीं पाया
राहुल गांधी ने कहा कि हमारी लड़ाई भाजपा की विचारधारा और उनकी सोच के खिलाफ है। देश का पूरा धन कुछ हाथों में जा रहा है। हम जब चर्चा कर रहे थे तो खुद से सवाल पूछा कि लड़ाई किसके बीच में है। यह लड़ाई विपक्ष और भाजपा के बीच नहीं है। यह देश की आवाज के लिए लड़ाई है। इसीलिए यह नाम INDIA चुना गया। आप जानते हैं कि जब भी कोई INDIA के सामने खड़ा होता है तो जीत किसकी होती है। अब हम एक ऐक्शन प्लान तैयार करेंगे, जहां हम एक साथ मिलकर देश को अपनी विचारधारा और कार्यों के बारे में बताएंगे।

Exit mobile version