सपा विधायक दारा सिंह चौहान ने विधानसभा से दिया इस्तीफा, बीजेपी में हो सकती है वापसी

मऊ। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है। वह भाजपा में शामिल होंगे। दारा सिंह चौहान मऊ की घोसी सीट से विधानसभा सदस्य चुने गए थे। उन्होंने अब इस्तीफा दे दिया है।

मऊ के घोसी से विधायक दारा सिंह ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को भेजे गए पत्र में उन्होंने इस्तीफे की पेशकश की है। वह बीजेपी छोड़कर सपा में शामिल हुए थे।दारा सिंह अभी दिल्ली में हैं। चर्चा है कि वह जल्द ही बीजेपी में लौट सकते हैं। दारा सिंह योगी सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री रह चुके हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले दारा सिंह को अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी में शामिल किया था।

2009 में बसपा की टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं दारा सिंह
बसपा में शामिल होकर दारा सिंह ने अपना राजनीतिक करिअर की शुरुआत की थी। 1996 और 2000 में दारा सिंह राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके हैं। दारा सिंह ने 2009 में बसपा की टिकट पर घोसी सीट से चुनाव लड़ा था। 2015 में दारा सिंह ने बसपा को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद 2017 में विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान दारा सिंह स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ सपा में शामिल हो गए।

अखिलेश से नाराज हैं कई विधायक
पिछले दिनों सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया था कि समाजवादी पार्टी के कई विधायक और सांसद हमारे और भाजपा के संपर्क में हैं। कई इनमें से अखिलेश यादव के रवैये से नाराज चल रहे हैं। उन्होंने दावा किया था कि सपा के कई विधायक और सांसद दल छोड़कर कुछ सरकार के विस्तार में शामिल होना चाहते हैं, कुछ हैं जो लोकसभा का टिकट चाहते हैं वे दिल्ली तक अपना जुगाड़ बिठा रहे हैं।

Exit mobile version