लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में एयरपोर्ट पर एक करोड़ के सोने के साथ दो यात्रियों को पकड़ा गया है। उन्होंने मलाशय में 5 कैप्सूल में सोने का पेस्ट छिपाया था। जिसका वजन 1 किलो 754 ग्राम था। मार्केट में इसकी कीमत 1 करोड़ 9 लाख रुपए बताई जा रही है। कस्टम विभाग की टीम ने स्कैनिंग के दौरान दोनों को पकड़ है।
कस्टम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक दुबई से आने वाली फ्लाइट संख्या IX-194 लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लैंड हुई। प्लेन के लैंड होने के बाद सभी यात्री एयरपोर्ट की तरफ आने लगे। इस बीच यात्रियों की चेकिंग शुरू हो गई। जांच शुरू होते ही दोनों तस्कर घबराए हुए से नजर आए।
तस्करों के नर्वस और संदिग्ध दिखने पर दोनों को भीड़ से अलग हटाकर उनकी सघन तलाशी ली गई। चेकिंग के दौरान जैसे ही मेटल डिटेक्टर का इस्तेमाल किया गया, दोनों के पास संदिग्ध चीज होने का संकेत मिल गया। इसके बाद जब उनकी अच्छे से जांच की गई तो दोनों के प्राइवेट पार्ट से सोना बरामद हुआ।
सीमा शुल्क विभाग के मुताबिक तस्कर सुरक्षाकर्मियों को चकमा देने के लिए सोने को कैप्सूल के फॉर्म में पेस्ट बनाकर लाए थे। सोने के पेस्ट को मलाशय में छिपा रखा था, इसलिए कस्टम टीम को उसे निकालने में मुश्किल आई। इसके बाद तस्करों को डॉक्टर के पास ले जाया गया। जहां डॉक्टरों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला। कस्टम अफसरों के मुताबिक, दुबई से आनी वाली फ्लाइट नंबर ix-194 में बिहार के रहने वाले तस्कर सोना छिपा कर ला रहे थे।
एक माह में तीसरी घटना
20 जून को 2.49 करोड़ का 4.09 किलो सोना पकड़ा गया था। यह फ्लाई दुबई और एयर इंडिया की उड़ानों से दुबई से लौटे यात्रियों से बरामद किया गया था। 12 जून को 1.731 किलो सोना पकड़ा गया था। 1.07 करोड़ का सोना शारजाह से आई उड़ान संख्या 6ई 1424 से आए यात्री के पास से बरामद किया गया था।
Discussion about this post