जयपुर। राजस्थान सरकार में मंत्री राजेंद्र गुढ़ा का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में राजेंद्र गुढ़ा माता सीता को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं। उनके इस बयान के बाद लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया है। भाजपा नेताओं ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे कांग्रेस का चरित्र कह दिया है।
सोमवार 10 जुलाई को सैनिक कल्याण मंत्री राजेन्द्र गुढ़ा झुंझुंनूं जिले के गुढ़ागौड़जी के एक सरकारी अस्पताल के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहां उन्होंने स्वयं की तुलना माता सीता से की। गुढ़ा ने कहा कि सीता माता कितनी सुंदर थी, इसकी कल्पना नहीं की जा सकती। उनकी सुन्दरता के पीछे भगवान श्री राम और रावण दोनों अद्भुत इंसान पागल हो गए थे। गुढ़ा ने कहा कि आजकल सचिन पायलट और अशोक गहलोत उनके पीछे भाग रहे हैं। इसका मतलब कुछ तो क्वालिटी होगी। गुढ़ा ने कहा कि उन्हें किसी सिंबल पर वोट नहीं मिलते बल्कि उन्हें को उनके किए गए काम के कारण ही वोट मिलते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने किया पलटवार
राजेंद्र गुढ़ा के बयान पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लिखा, ‘हिंदुओं की हंसी उड़ाने और अपने वोट बैंक की चमचाई करने के लिए कितना नीचे गिरेंगे ये कांग्रेसी? भारत की आस्था प्रभु श्रीराम को पागल बताते हुए राजस्थान सरकार के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा को स्वयं के अस्तित्व पर शर्म नहीं आई? यह जानबूझकर दिया गया बयान है। ऐसे ही बयानों की वजह से आज कांग्रेस की स्थिति “शूर्पणखा” जैसी है। रावण की बहन के साथ क्या हुआ था! गहलोत जी के ख़ास मंत्री को ये पता तो होगा।’
भाजपा प्रवक्ता ने ऐसे बोला हमला
वहीं भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने वीडियो शेयर कर लिखा, ‘यह चौंकाने वाला और बिल्कुल अस्वीकार्य है। अशोक गहलोत के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा का कहना है कि प्रभु राम मां सीता की सुंदरता के पीछे पागल थे। ये मां सीता और प्रभु राम पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। यह कांग्रेस का सच्चा हिंदू विरोधी चेहरा है।’ उन्होंने आगे लिखा कि ‘श्री राम के अस्तित्व को नकारा, राम मंदिर का विरोध किया, गीता प्रेस का भी विरोध किया, अब प्रभु राम और मां सीता का अपमान किया। कांग्रेस को इस आदमी को बर्खास्त करना चाहिए।’
Discussion about this post