बारिश में डूबी कॉलोनी, छतों पर फंसे 5 परिवारों को एनडीआरएफ ने निकाला बाहर

गाजियाबाद। जनपद में लगातार बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया है, लोनी की दौलतनगर कॉलोनी में भी जलभराव के कारण 33 लोग फंस गए। लोगों ने घरों की छतों पर जाकर जान बचाई। रात में रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एनडीआरएफ जवानों को लगाया गया। टीम ने रस्सी और नाव के सहारे लोगों को डूबे घरों से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब 4 घंटे तक चला। इस दौरान 33 लोगों और 5 जानवरों की जान बचाई गई।

दौलत नगर कॉलोनी में बरसात के दौरान पानी भर गया था। पानी की निकासी नहीं होने पर करीब पांच से छह फुट पानी भर गया। इस दौरान पांच से छह परिवारों के 33 लोग घरों में अंदर ही पानी में फंस गए। इनमें बच्चे और महिलाएं भी थीं। घरों के अंदर तक पानी भरने पर लोग छत पर चढ़ गए। वहां से पुलिस को किसी तरह सूचना देकर बाहर निकालने की गुहार लगाई। सूचना पाकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जलभराव के बीच फंसे परिवार के लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हुए। इसके बाद एनडीआरएफ को सूचना दी गई। सूचना पाकर रात नौ बजे हरसांव गांव गोविंदपुरम से एनडीआरएफ की टीम लोनी पहुंची। इस बीच तहसील के अधिकारी भी पहुंच गए। एनडीआरएफ टीम ने नाव से एक-एक कर लोगों को बाहर निकाला गया।

दौलतनगर कॉलोनी निवासी और कांग्रेस नेता नूरहसन भाटी ने बताया कि रविवार सुबह से हो रही बारिश ने उनकी कॉलोनी में तबाही मचा दी है। उनकी कॉलोनी पाबीसादकपुर और ट्रॉनिका सिटी अपरैल पार्क के बीच में है। जिसके कारण पाबी और ट्रॉनिका सिटी का सारा पानी दौलतनगर कॉलोनी में भर गया है।

एनडीआरएफ आठवीं बटालियन के कमांडेंट PK तिवारी ने बताया, रात पौने 12 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त किया गया। इस दौरान 33 बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की जान बचाई गई। वहीं पांच जानवरों को भी जिंदा रेस्क्यू करके सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। लोनी क्षेत्र के ACP रजनीश उपाध्याय ने बताया कि रेस्क्यू किए गए सभी लोगों को नजदीकि शेल्टर होम में पहुंचा दिया गया है। यहां जिला प्रशासन की तरफ से इनके खाने और रहने का प्रबंध किया जा रहा है। ACP ने बताया कि ये एक निचली बस्ती है, जहां पर 8 से 12 फीट तक पानी भर गया था।

सभी को सुरक्षित निकालकर पंचायत घर भेजा
डीएम राकेश कुमार ने बताया कि एनडीआरएफ टीम ने 33 लाेगों को बाहर निकाला। यह सभी चार परिवार के हैं, जिनमें कुणाल वर्ष, अंकुश 10 वर्ष, सना 6 वर्ष, सोनू 13 वर्ष, शोएब 8 वर्ष, रेशमा 30 वर्ष, अरमान 15 साल, शमीना 30 साल, पूनम 30 वर्ष, मिंटू 35 साल और अंशिका 13 साल समेत सभी को पानी से बाहर निकाला गया। तहसीलदार हरि प्रताप सिंह का कहना है कि सभी लोगों को बाहर निकालकर दौलत नगर कॉलोनी के पंचायत घर में रोका गया है। वहां सभी के लिए टेंट और गद्दे मंगाए गए हैं। बच्चों को खाने-पीने का सामान दिया गया है। सोमवार सुबह पानी निकालने की व्यवस्था की जाएगी। पानी निकलने के बाद वापस लोगों को उनके घर भेज दिया जाएगा।

Exit mobile version