दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में फायरिंग, वकीलों के झगड़े के बाद चली गोली

दिल्ली। राजधानी दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में वकीलों की लड़ाई के बीच हवाई फायरिंग की खबर सामने आई है। फायरिंग में हालांकि कोई घायल नहीं हुआ है और पुलिस इसकी जांच में जुटी है। इस घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ वकील झगड़ा करते दिख रहे हैं, तभी एक शख्स हवा में फायरिंग करता है।

डिप्टी कमिश्नर (नॉर्थ) सागर सिंह कलसी ने कहा, ”तीस हजारी कोर्ट में बुधवार दोपहर करीब 1.35 बजे गोलीबारी की घटना हुई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि पदाधिकारियों समेत वकीलों के दो अलग-अलग गुटों ने हवा में गोली चलाई थी।” वहीं, दिल्ली पुलिस के जॉइंट कमिश्नर (सेंट्रल रेंज) परमादित्य ने कहा कि कोर्ट कैम्पस से पांच खाली राउंड बरामद किए गए हैं। हमारी FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम मौके पर है मामले की और गहन जांच की जाएगी।

कोर्ट परिसर में फायरिंग की घटना के वीडियो फुटेज सामने आए हैं। इसमें साफ नजर आ रहा है कि वकीलों के दो गुट आमने सामने हैं। फुटेज में दोनों गुटों के वकीलों के बीच ईंट पत्थर चल रहे हैं। वकील एक दूसरे पर हमले करते साफ नजर आ रहे हैं। वकीलों का एक समूह दूसरे गुट पर लाठी डंडों से हमला करता दिखाई दे रहा है। दोनों समूहों के बीच हुई लड़ाई में युवा वकील हमले करते नजर आ रहे हैं। दोनों गुट एक दूसरे पर अपशब्दों का इस्तेमाल भी करते सुने जा सकते हैं।

काउंसिल ऑफ दिल्ली के अध्यक्ष केके मनन ने जारी आधिकारिक बयान में कहा- यह घटना क्यों हुई। इसमें कौन-कौन शामिल थे। इसकी विस्तृत जांच की जाएगी। इस बात की जांच की जाएगी कि हथियार लाइसेंसी था या नहीं। अगर हथियार लाइसेंसी थे, तो भी कोई वकील या कोई अन्य उनका उपयोग अदालत परिसर के भीतर या आसपास इस तरह से नहीं कर सकता है।

बता दें कि कुछ दिन पहले ही साकेत कोर्ट में एक वकील ने महिला पर गोली चला दी थी। इस घटना के बाद वहां भी काफी अफरातफरी मच गई। इससे पहले रोहिणी की अदालत में गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की कुछ अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

Exit mobile version