औरंगजेब के साथ लगे उद्धव ठाकरे के पोस्टर

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) प्रमुख प्रकाश अंबेडकर के होर्डिंग्स के लेकर बवाल मचा है। इन होर्डिंग्स में दोनों नेताओं के बीच मुगल शासक औरंगजेब की तस्वीर दिखाई दे रही है हालांकि, इन्हें किसने लगाया है इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। फिलहाल पोस्टर हटा दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर लगातार होर्डिंग का फोटो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मुंबई के माहिम इलाके में होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इसमें औरंगजेब की तस्वीर के साथ महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे और वंचित बहुजन अघाड़ी प्रमुख प्रकाश अंबेडकर दिखाई दे रहे हैं। होर्डिंग पर मराठी में लिखा है- ‘प्रकाश आंबेडकर औरंगजेब की धुन पर नाच रहे हैं और उद्धव ठाकरे इसका समर्थन कर रहे हैं।’ इन पोस्टरों को रात में लगाया गया था। मुंबई पुलिस का कहना है कि इन होर्डिंग्स को हटवा दिया गया है। इस बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। कानून व्यवस्था बिगड़ने पर पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेगी।

दरअसल, उद्धव गुट के सहयोगी प्रकाश आंबेडकर ने शनिवार को संभाजीनगर में औरंगजेब की मजार पर फूल चढ़ाए थे। इन पोस्टर्स को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि औरंगजेब के लिए उद्धव का नया लगाव देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जो लोग हिंदुत्व के साथ समझौता कर रहे हैं, उन्हें छत्रपति शिवाजी महाराज कभी माफ नहीं करेंगे।

इससे पहले 19 जून को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने रविवार को कहा था कि भारत में कोई भी मुसलमान औरंगजेब का वंशज नहीं है और देश में राष्ट्रवादी मुसलमान मुगल सम्राट को अपने शासक के रूप में मान्यता नहीं देते हैं। फड़नवीस ने यह भी कहा कि केवल एक ही राजा है और वह छत्रपति शिवाजी महाराज हैं और मुसलमान भी उनका सम्मान करते हैं।उन्होंने कहा, “हमारे राजा केवल छत्रपति शिवाजी महाराज हैं। हमारे पास कोई और राजा नहीं हो सकता। भारत में मुसलमान औरंगजेब के वंशज नहीं हैं। औरंगजेब और उसका वंश बाहर से आए थे।” इससे पहले गुरुवार, 8 जून को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में कुछ युवाओं द्वारा कथित तौर पर औरंगजेब और टीपू सुल्तान के संदर्भ में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के बाद तनाव फैल गया था।

Exit mobile version