समान नागरिक संहिता कानून को लेकर बिफरे सपा सांसद हसन, कहा- मुसलमान शरीयत को ही मानेंगे

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी (SP) के सांसद डॉक्टर एसटी हसन ने समान नागरिक संहिता कानून के सवाल पर बीजेपी सरकार को घेरा है। समान नागरिक संहिता कानून को एसटी हसन ने चुनावी हथकंडा बताते हुए कहा कि बीजेपी कोई भी कानून बना ले, हम उसे नहीं मानेंगे, हम शरीयत के कानून को ही मानेंगे।

सपा सांसद ने अपने बयान में कहा कि आखिर समान नागरिक संहिता कानून लाने की जरूरत क्यों पड़ी। इसका मुख्य कारण 2024 का चुनाव है। भाजपा हिंदू मुसलमान के बीच दूरियां बढ़ाने के लिए यह सब कर रही है। 1400 से अधिक साल पहले मुसलमानों में शरीयत के अनुसार पैतृक संपत्ति में लड़कियों को उनका हक दिया जाता है।

कुराने पाक के हुक्म पर मुसलमान शरीयत के अनुसार काम करता है। इससे कोई मुसलमान समझौता नहीं करेगा। सवाल उठाया कि आखिर दूसरे लोगों को शरीयत से क्या परेशानी है। दूसरी शादी भी मजबूरी में लोग करते हैं। किसी की पत्नी बीमार हो गई या बच्चे नहीं हो रहे हैं। इस मामले में पहली पत्नी की इजाजत ली जाती है। इसमें एक संस्कार छिपा होता है।

आजकल लिव इन रिलेशनशिप को सरकार ने मान्यता दे दी है। क्या यही हिंदुस्तानी संस्कृति है। कुरान ने जो हुक्म दिया है। उसी को मुसलमान मानेंगे। इस मामले में किसी मौलाना की भी नहीं चलेगी। इसी प्रकार वक्फ की संपत्ति का मामला है। कानून बनने पर संविधान की धारा 29 और 30 को भी देखना पड़ेगा।

Exit mobile version