यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए चलाए गए ‘ऑपरेशन गंगा’ पर बनी डॉक्यूमेंट्री, PM मोदी ने कही ये बात

File Photo

नई दिल्ली। युद्ध के दौरान यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए दुनिया का सबसे सफल ऑपरेशन गंगा पर नई डॉक्यूमेंट्री रिलीज हो रही है। रविवार को ‘द इवेक्यूएशन: ऑपरेशन गंगा’ डॉक्यूमेंट्री का प्रीमियर किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यूक्रेन से भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा पर एक नया वृत्तचित्र ऑपरेशन से संबंधित पहलुओं पर बहुत जानकारी पूर्ण होगा।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘ऑपरेशन गंगा हमारे लोगों के साथ खड़े होने के हमारे दृढ़ संकल्प की ओर इशारा करता है, फिर चाहें चुनौती कितनी भी कठिन क्यों न हो। यह भारत की अदम्य भावना को भी दर्शाता है। यह डॉक्यूमेंट्री इस ऑपरेशन से संबंधित पहलुओं पर बहुत जानकारीपूर्ण होगी।’

HISTORY TV18 ने ट्वीट कर बताया था, ’24 फरवरी 2022 को, यूक्रेन में हजारों भारतीय एक एक्टिव वॉर जोन में फंसे थे। ठीक दो दिन बाद, भारत ने 21वीं सदी के सबसे बड़े हवाई निकासी कार्यक्रम को लॉन्च किया। इतिहास रचने वाले इस मिशन में 90 स्पेशल फ्लाइट्स के जरिए 18 देशों से 22,000 से अधिक भारतीयों और 147 विदेशी नागरिकों को बाहर निकाला गया। अंदर की कहानी देखें ‘The Evacuation: Operation Ganga’ में।’ इसका प्रीमियर आज रात 8 बजे HistoryTV18 पर होगा।

खास बात यह है कि इसमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी नजर आएंगे। वह ऑपरेशन गंगा के बारे में चर्चा करते नजर आएंगे। वे इसके परिणामों पर भी चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो में कहते नजर आ रहे हैं, “प्रत्येक भारतीय के सीने में विश्वास था कि चुनौती चाहे कितनी भी बड़ी हो, परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरीत हो, वे जानते हैं कि सरकार उनके पीछे खड़ी है और वह बच्चों को वापस सुरक्षित ले आएगी। यह सिर्फ एक पॉलिसी नहीं है। यह मानवता का दर्शन है। हमने इस रिश्ते को हमेशा मजबूत किया है। यह हमारे देश की अदम्य इच्छाशक्ति को भी दिखाता है।”

द इवेक्युएशन ऑपरेशन गंगा किस पर आधारित है?
द इवेक्युएशन ऑपरेशन गंगा 21वीं सदी के सबसे बड़े इवेक्युएशन और रेस्क्यू ऑपरेशन की कहानी बताएगी। इसे भारत सरकार ने यूक्रेन में किया था। गौरतलब है कि इस रेस्क्यू मिशन के माध्यम से 22 हजार से अधिक भारतीय छात्रों को सकुशल घर वापिस लाया गया था। यह सभी छात्र थे जो कि यूक्रेन में फंस गए थे। इस डॉक्यूमेंट्री में डिफेंस एनालिस्ट मारूफ रजा इसे डिटेल में बताते नजर आएंगे।

इस शो के माध्यम से यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों के अनुभव को भी दिखाया जाएगा जो कि युद्ध के दौरान बंकर में रहते थे, जिन्हें सामान्य सुविधाओं की कमी हो गई थी। इसके अलावा, उन्हें खाने-पानी जैसी चीजों की कमी से जूझना पड़ रहा था। इतना ही नहीं, उनके माता-पिता भारत में उनके सकुशल वापिस आने की प्रतीक्षा कर रहे थे। इसमें लॉजिस्टिक ऑपरेशन की भी जानकारी दी जाएगी कि भारत सरकार ने किस प्रकार अदम्य साहस दिखाते हुए यूक्रेन और रशिया के बीच फंसे युद्ध छात्रों को सकुशल वापस निकाला था।

Exit mobile version