AAP ने बदली देश की राजनीति, हमारे मेनिफेस्टो पर कर्नाटक में जीती कांग्रेस: केजरीवाल

File Photo

दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कर्नाटक के चुनावी परिणाम को लेकर बड़ा दावा किया है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस की जीत के पीछे आम आदमी पार्टी का बड़ा हाथ रहा है। उन्होंने कहा कि जो वादे कांग्रेस ने कर्नाटक की जनता से किए थे और उनको घोषणापत्र में शामिल किया, वो सभी AAP की उपज थी।

उत्तर प्रदेश के स्थानीय निकाय चुनावों में सीटें जीतने वाले आप नेताओं को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा ”आम आदमी पार्टी ने देश की राजनीति के नैरेटिव को बदलने की कोशिश की है। अगर आप कर्नाटक चुनाव देखें, तो कांग्रेस पार्टी ने हमारे घोषणापत्र पर जीत हासिल की है।” केजरीवाल ने आगे कहा कि हमने मुफ्त बिजली का वादा किया तो कांग्रेस ने भी ऐसा कहा। हमने कहा कि हम बेरोजगारी भत्ता, मुफ्त राशन और महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह देंगे, तो कांग्रेस ने भी ऐसा ही कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा भी अब इस तरह के वादे कर रही है, जो पहले जाति और धर्म के आधार पर वोट मांगते थे।

दूसरे दलों के 40 सभासदों ने थामा आप का दामन
उत्तर प्रदेश के प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बताया कि निकाय चुनाव में नगर पालिका परिषद के चार चेयरमैन पदों पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है। साथ ही नौ नगर पंचायत के चेयरमैन पदों पर जीत हुई है। इसके अलावा 100 से अधिक वार्डों में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। दूसरे दलों से जीत दर्ज करने वाले 40 सभासदों ने रविवार को आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। इस तरह अब यूपी नगर निकाय में आम आदमी पार्टी के 150 से अधिक सभासद हो गए हैं।

संगठन को करेंगे मजबूत
केजरीवाल ने कहा कि किसी भी चुनाव को जीतने के लिए संगठन बहुत जरूरी होता है। उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी का संगठन अभी मजबूत नहीं है। हर गांव के अंदर हर बूथ पर 10-10 लोगों की कमेटी बनाएंगे। यह कमेटी बनने पर आप को उत्तर प्रदेश में कोई रोक नहीं सकता है।

Exit mobile version