गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रविवार रात 14 वर्षीय दसवीं की छात्रा ने घर में ही फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों का आरोप है कि उसके साथ सहपाठी ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया था। इससे आहत होकर छात्रा ने जान दे दी। पुलिस ने आरोपी नाबालिग किशोर को हिरासत में ले लिया है।
मसूरी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी के रहने वाले व्यक्ति सेना में नौकरी करते हैं और उनकी तैनाती राजस्थान में है। उनकी 14 साल की बेटी एक स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा है। बेटा बीमारी से ग्रसित होने के कारण दिल्ली के एक अस्पताल में एक माह से भर्ती है। रविवार को छात्रा की मां अस्पताल गई थी। घर पर सिर्फ दादा-पोती मौजूद थे। दादा भी कुछ देर के लिए पास के एक गांव में चले गए।
दादा ने पुलिस को बताया कि वे जब शाम को लौटे तो देखा कि घर के बाहर 10-12 लोग मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि वे लोग अपने बेटे की तलाश में आए हैं। उनका बेटा यहीं इसी घर में जाते हुए देखा गया है। छात्रा के दादा का कहना है कि वे लोग घर में घुस गए। इसके बाद पूरा घर खंगाला। उनका बेटा छत पर मिला, वे उसे साथ ले गए। पोती ने बताया कि वह उसकी क्लास में ही पढ़ता है और जबरन घर में घुसा था। इसके बाद से पोती गुमसुम थी। उसने खाना भी नहीं खाया था।
दादा रात में नीचे सो गए जबकि किशोरी ऊपर के कमरे में सोई हुई थी। देर रात तेज हवा चलने से ऊपर के गेट आवाज करने लगे तो दादा ने ऊपर जाकर देखा तो किशोरी फंदे से लटकी मिली। इसके बाद स्वजन व पुलिस को सूचना दी गई। स्वजन ने मकान में पहुंचकर तलाशी ली तो कमरे में बेड के नीचे व छत से आपत्तिजनक वस्तु मिली। इससे पता चला कि किशोरी के साथ आरोपित ने दुष्कर्म किया है।
एसीपी मसूरी निमिष पाटिल का कहना है कि तहरीर के आधार पर दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट व आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर, आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है। आरोपित को बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है।