गाजियाबाद। निकाय चुनाव में गाजियाबाद जिले में 45. 52 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। इसमें सबसे कम 41.43 प्रतिशत मतदाताओं ने गाजियाबाद नगर निगम और सबसे अधिक 73.10 फीसद मतदाताओं ने पतला नगर पंचायत क्षेत्र में मतदान किया है।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने देर शाम मतदान फीसद की अनंतिम सूची जारी की है। लोनी नगर पालिका क्षेत्र में 522023 मतदाताओं में से 246186 मतदाताओं ने वोट डाले। यहां पर कुल मतदान फीसद 47.16 रहा। मुरादनगर नगर पालिका में मतदान प्रतिशत 66.35 रहा। यहां पर 99823 में से 70292 मतदाताओं ने वोट डाले। इसी प्रकार मोदीनगर नगर पालिका में 55 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां पर 182699 में से 100468 लोगों ने वोट डाले। खोड़ा मकनपुर में 44 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां पर 172273 में से 75800 मतदाताओं ने वोट डाले।
यदि नगर पंचायतों को देखा जाये तो फरीदनगर में 72.19 प्रतिशत वोट पड़े। यहां पर 12002 में से 8663 ने, पतला में 73.10 फीसद वोट पड़े। यहां पर 8381 में से 6112 ने, निवाड़ी में 72.34 प्रतिशत वोट पड़े। यहां पर 8943 में से 6472 ने तथा डासना नगर पंचायत में 66.80 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। यहां पर 35326 में से 23093 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मैदान में इतने प्रत्याशी
गाजियाबाद नगर निगम महापौर सीट के लिए भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा और आप प्रत्याशियों के साथ 12, मोदीनगर, मुरादनगर, खोड़ा और लोनी नगर पालिका परिषद में चेयरमैन पद के लिए 95 और पार्षद व सभासद पद पर 1730 प्रत्याशी मैदान में थे।
त्रिस्तरीय सुरक्षा में रखा गया मतदान
मतदान के बाद 3636 ईवीएम और 553 मतपेटी तीन स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं। ईवीएम और मतपेटियों के लिए गोविंदपुरम अनाज मंडी, लोनी व मोदीनगर में स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। गोविंदपुरम अनाज मंडी में खोड़ा, डासना नगर पंचायत व नगर निगम की ईवीएम व मतपेटियां रखी गईं हैं, जबकि लोनी की लोनी इंटर कॉलेज में और मुरादनगर, पतला-निवाड़ी, फरीदनगर व मोदीनगर की आदर्श कन्या इंटर कॉलेज व कम्यूनिटी सेंटर गोविंदपुरी मोदीनगर में रखी गई हैं। ईवीएम और मतपेटी त्रिस्तरीय सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेंगी। इस दौरान किसी को आसपास नहीं आने दिया जाएगा। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी सशस्त्र पुलिसकर्मियों को सौंपी गई है। स्ट्रांग रूम पर दो शिफ्ट में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी।
गाजियाबाद चुनाव Live अपडेट:
कवि ने डाला वोट
प्रख्यात कवि कुमार विश्वास ने गाजियाबाद के वसुंधरा में वनस्थली पब्लिक स्कूल मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। गाजियाबाद नगर निकाय चुनाव में अभी तक सबसे कम मतदान प्रतिशत होने के बाद कुमार विश्वास ने चिंता व्यक्त की है।
भाजपा विधायक और बसपा नेता के बीच हुई बहस
गाजियाबाद के लोनी इलाके में मतदान केंद्र पर भारतीय जनता पार्टी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर और बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी पति असद अली के बीच झड़प हो गई। पोलिंग बूथ् पर मतदान के दौरान यह हंगामा भड़का। दरअसल, बसपा उम्मीदवार मतदान केंद्र के भीतर घुसकर वोटिंग प्रक्रिया का जायजा ले रहे थे। कई मतदाता और समर्थकों के साथ वे पोलिंग बूथ में मौजूद थे। इसी दौरान भाजपा विधायक वहां पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने मतदान केंद्र से बसपा उम्मीदवार असद अली को बाहर निकलने को कहा। मतदान केंद्र पर मौजूद सुरक्षा बलों ने इसके बाद बसपा उम्मीदवार को बाहर निकालने को कहा। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। दोनों पक्षों की ओर से जोरदार हंगामा हुआ। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। असद अली ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक मुसलमानों का वोट नहीं पड़ने दे रहे हैं। वहीं, भाजपा विधायक ने बसपा उम्मीदवार पर फर्जी तरीके से वोट डलवाने का आरोप लगाया।
केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने डाला वोट
केंद्रीय मंत्री जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में हर जगह डबल इंजन की सरकार होनी चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से प्रदेश से लेकर निकाय तक कमल का फूल खिलाने की अपील की। मीडिया की ओर से गाजियाबाद में सफाई की समस्या पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि प्रदेश में गाजियाबाद सबसे अधिक साफ शहर है। अगर यहां के बारे में आप ऐसा कहेंगे तो प्रदेश के अन्य शहरों के बारे में क्या बोलेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम के स्तर पर लगातार बेहतर नागरिक सुविधाएं देने का कार्य किया गया है।
बुजुर्ग भी कर रहे हैं मतदान
नगर पालिका परिषद लोनी में मतदान करने पहुंची 80 वर्षीय कपूरी देवी ने कहा कि एक-एक मत लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अहम भूमिका रखता है। हमारे सही चुनाव से शहर का विकास होगा। इस वजह से मतदान करने आई हैं। 82 वर्षीय राम कटोरी ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत है फिर भी मतदान करने आईं। उनके एक मत से अच्छा जनप्रतिनिधि चुना जा सकता है। दुहाई में 71 वर्षीय गिरिराज ने सर छोटू राम किसान इंटर कालेज में मतदान किया। उन्होंने कहा कि तमाम प्रयास के बाद भी वृद्धावस्था पेंशन शुरू नहीं हुआ लेकिन हर बार वोट डालती हैं। अब नए चुने गए जनप्रतिनिधियों से पेंशन शुरू कराने के लिए कहेंगी। इन बुजुर्गों के जज्बे को देखकर लोगों ने उन्हें सल्यूट किया।
बुजुर्ग मतदाताओं के लिए नहीं मिली व्हीलचेयर
राजनगर में इंग्राम इंस्टीट्यूट को मतदान केंद्र बनाया गया है लेकिन यहाँ दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था नहीं है। मतदाता रवि जैन ने बताया कि वो अपनी बुजुर्ग माँ आशा जैन के साथ सुबह केंद्र पर वोट डालने के लिए पहुंचे तो उनके वाहन को मतदान केंद्र से 250 मीटर पहले रोक दिया गया, इसके बाद जब उन्होंने बुजुर्ग माँ के लिए व्हीलचेयर मांगी तो इनकार कर दिया गया। रवि जैन ने बताया कि वो वापस आकर घर से व्हीलचेयर लेकर गए तब बुजुर्ग माँ ने वोट डाला।
तीन पुलिसकर्मियों पर शराब बंटवाने का आरोप
गाजियाबाद के मोदीनगर थाना इलाके की गोविंदपुरी में डायल 112 पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों पर पुलिस की गाड़ी में प्रत्याशी को बैठाकर मतदाताओं को शराब बंटवाने का आरोप लगा है। थाना पुलिस आरोपी पुलिसकर्मियों की तलाश में लगी है।
शाम 7 बजे तक होगा मतदान
सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होने वाले मतदान में 2583546 मतदाता 1836 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। जिला प्रशासन ने मतदान के लिए 606 मतदान केंद्र और 2371 बूथ बनाए हैं। मतदान में किसी तरह की गड़बड़ी न हो इसके लिए पुलिस, पीएसी, सीआरपीएफ और एसएसएफ के 12500 के सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मतदान के लिए नौ नगर निकायों को 26 जोन और 128 सेक्टर में बांटकर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
चार स्ट्रांग रूम में होगी काउंटिंग
गाजियाबाद नगर निगम के अलावा डासना, खोड़ा पालिका के ईवीएम/बैलेट बॉक्स अनाज मंडी गोविंदपुरम में जमा होंगे। मोदीनगर व मुरादनगर के बैलेट बॉक्स आदर्श कन्या इंटर कॉलेज मोदीनगर में जमा होंगे। निवाड़ी, पतला और फरीदनगर के मतपेटियों का स्ट्रांग रूम कम्युनिटी सेंटर गोविंदपुरी मोदीनगर में बनाया है। जबकि लोनी नगर पालिका की ईवीएम लोनी इंटर कॉलेज में जमा होंगी। जहां स्ट्रांग रूम बनाए हैं, वहीं पर 13 मई को मतगणना होगी।
मेयर सीट पर भाजपा आश्वस्त, निकायों में बागी बिगाड़ सकते हैं खेल
गाजियाबाद में नगर निगम बनने से लेकर आज तक मेयर सीट पर भाजपा का कब्जा है। इस बार भाजपा से सुनीता दयाल प्रत्याशी हैं। पिछली बार आशा शर्मा 1 लाख 65 हजार वोटों से जीती थीं। इसलिए भाजपा इस सीट पर इस बार भी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। लोनी नगर पालिका में भी इस बार रोचक मुकाबला है। एक तरफ रालोद विधायक मदन भैया तो दूसरी तरफ भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। नगर निकायों में इस बार भाजपा के बागी थोड़ा खेल बिगाड़ सकते हैं।
Discussion about this post