चार माह से बेटे ने नहीं ली खबर, घर में मिला बुजुर्ग मां का सड़ा हुआ शव

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा वन कालोनी के एक मकान में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला डॉक्टर की लाश बरामद की गई है। महिला की मौत करीब बीस दिन पहले ही हो चुकी थी। लाश सड़ चुकी थी और उसमें कीड़े पड़ गए थे। महिला मकान में अकेली ही रह रही थी। महिला का बेटा अपनी पत्नी के साथ गाजियाबाद में रहता है। चार महीने से बेटे की मां से बात नहीं हुई थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

गाजियाबाद के वैशाली में रहने वाला प्रणव रंजन सिन्हा रविवार की शाम को अपनी पत्नी और सास के साथ सेक्टर बीटा वन स्थिति ए 381 में अपनी मां अनमिया सिन्हा के घर पहुंचे थे। प्रणव रंजन ने कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन भीतर से कोई आवाज नहीं सुनाई दी। कमरे के भीतर से भारी बदबू आ रही थी। इसके बाद प्रणव रंजन ने दरवाजा तोड़ने का फैसला किया। उन्होंने दवाजा तोड़कर देखा तो उनकी मां का शव बेड से नीचे फर्श पर पड़ा था। शव में कीड़े पड़ चुके थे। लाश से दमघोंटू बदबू आ रही थी।

प्रणव रंजन ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर आनन-फानन में बीटा-2 कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बीटा दो कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि अनमिया सिन्हा कई साल से ग्रेटर नोएडा बीटा वन स्थित अपने मकान में अकेली रह रही थीं। वह बिहार में महिला सरकारी डॉक्टर थीं। रिटायरमेंट के बाद वह ग्रेटर नोएडा में आकर रहने लगी थीं। महिला का अपने पति से तलाक हो गया था।

महिला के पति पटना बिहार में रहते हैं। महिला का बेटा पहले उनके साथ ही इसी मकान में रहता था, लेकिन कुछ दिनों पहले वह गाजियाबाद के वैशाली में जाकर रहने लगा था। इसके बाद से महिला यहां अकेली रह रही थी। पड़ोसियों से भी महिला का ज्यादा मिलना जुलना नहीं था। वह मकान से बाहर भी कम आती जाती थी। इसी वजह से पड़ोसियों को भी महिला की मौत के बारे में पता नहीं चल सका।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि ग्रेटर नोएडा से तीस किलोमीटर दूर गाजियाबाद में रहने वाले बेटे की चार महीने से मां से कोई बातचीत नहीं हुई थी। इसके चलते घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला का हाल-चाल जानने वाला कोई नहीं था। मां पिछले 20 दिन से घर में मरी पड़ी थी, लेकिन बेटे को इस बारे में कोई जानकारी नहीं लगी। एक-दो दिन पहले प्रणव रंजन की सास ने अपनी समधन से मिलने की इच्छा जाहिर की थी। रविवार को प्रणव अपनी पत्नी और सास को मां से मिलवाने के लिए लेकर आया था। वह घर पहुंचे तो मां का शव पड़ा हुआ मिला।

बेड से गिरने के बाद दम तोड़ने की आशंका
बुजुर्ग महिला डॉक्टर का शव बेडरूम में फर्श पर पड़ा मिला। बेड पर मच्छरदानी लगी हुई थी। मच्छरदानी एक साइड से हटी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि महिला ने बेड से गिरने के बाद दम तोड़ा था। पुलिस को महिला के घर या कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही महिला की मौत का कारण स्पष्ट होगा।

कटा था बिजली कनेक्शन, घर का भी बुरा हाल
सेवानिवृत्त डाक्टर के घर का बिजली का कनेक्शन कटा हुआ था। पुलिस को यहां टार्च की रोशनी में जांच करनी पड़ी। वहीं, घर भी देखभाल के अभाव में बदहाल था। फ्रिज में रखे मक्खन पर उत्पादन तिथि नवंबर की थी। घर के अंदर सामान अस्त व्यस्त था और बाहर झाड़ियां आदि बड़ी हुईं थीं। कुछ लोगों का तो यह भी कहना था कि उन्हें अब पता चला कि इस घर में कोई रहता था। ये हाल तब था जब महिला के पास पैसों की कोई कमी नहीं थी।

Exit mobile version