‘हम अकेले चुनाव लड़ेंगे’, 2024 लोकसभा इलेक्शन से पहले ममता बनर्जी का बड़ा ऐलान

File Photo

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने विपक्षी एकजुटता की कवायद को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 2024 का लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी, किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। टीएमसी का गठबंधन जनता के साथ होगा।

ममता बनर्जी ने कहा कि टीएमसी किसी राजनीतिक दल से गठबंधन नहीं करेगी, बल्कि आम लोगों के साथ गठबंधन करेगी। अगर लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से हटाना चाहते हैं तो वे हमें वोट देंगे। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि लोग उनके साथ हैं। ममता का यह बयान सागरदिघी उपचुनाव में कांग्रेस के बायरन बिस्वास की लगभग 23,000 मतों से जीत के बाद आया है।

उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर क्या बोली ममता बनर्जी?
पश्चिम बंंगाल की सागरदिघी विधानसभा उपचुनाव में टीएमसी को झटका लगा है। इस सीट पर कांग्रेस के बायरन बिस्वास ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस के बायरन बिस्वास ने 22,986 वोटों से जीत हासिल की। उपचुनाव के परिणाम आने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और माकपा ने तृणमूल कांग्रेस को अपने “अनैतिक” गठबंधन से हराने के लिए BJP के साथ समझौता किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) या सीपीआई (एम) की ‘अनैतिक’ सांठगांठ के कारण कांग्रेस ने सागरदिघी उपचुनाव जीता। उन्होंने कहा कि अगर आप सागरदिघी में भाजपा के वोट शेयर पर नजर डालें तो यह करीब 22 फीसदी था। इस बार, उन्होंने अपने वोट कांग्रेस को स्थानांतरित कर दिए और केवल 13 प्रतिशत वोट ही हासिल कर सके।

Exit mobile version