त्रिपुरा में फिर से भाजपा सरकार, पीएम मोदी लोगों को कर सकते हैं संबोधित

File Photo

अगरतला। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है, भाजपा को पूर्ण बहुमत हासिल हुआ है। त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (Tripura BJP) के समर्थकों का जश्न शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करने की उम्मीद है।

60 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए चुनाव आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने 32 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, माकपा ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की है। पहली बार चुनाव लड़ रही टिपरा मोथा पार्टी के 13 उम्मीदवारों को जीत मिली है। हालाँकि त्रिपुरा में बनमालीपुर सीट से बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य चुनाव हार गए हैं। इस सीट पर कांग्रेस के गोपाल चंद्र रॉय 1369 वोटों से जीते हैं।

दिलचस्प बात यह है कि बनमालीपुर वहीं सीट है जहां से बिप्लब कुमार देव चुनाव जीते थे और मुख्यमंत्री बने थे। राजीव भट्टाचार्य को उनके सांगठनिक कौशल के लिए जाना जाता है। वह प्रदेश इकाई में कोषाध्यक्ष और महासचिव के पद पर भी रह चुके हैं। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देव का करीबी माना जाता है।

2018 में त्रिपुरा में सत्ता में आई भाजपा को यहां इससे पहले छिटपुट सफलता ही मिली थी। ऐसे में उसका यहां पर खुद को रिपीट करना अहम है। बंगाली और आदिवासी समुदाय की आबादी वाले त्रिपुरा में भाजपा की जीत उसके लिए देश भर में मायने रखेगी। त्रिपुरा में भाजपा की जीत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वामपंथी और कांग्रेस गठबंधन कर उसके खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे जबकि प्रद्योत देबबर्मा के नेतृत्व वाली टिपरा मोथा ने आदिवासियों को अपना समर्थन दिया था। हाालांकि, इसके बावजूद भगवा पार्टी का जलवा कायम रहा।

Exit mobile version