Nagaland Election Results 2023: नगालैंड में बना इतिहास, पहली बार किसी महिला ने जीता विधानसभा चुनाव

कोहिमा। नगालैंड विधानसभ चुनाव में एक इतिहास रचा गया है। राज्य में पहली बार किसी महिला उम्मीदवार ने विधानसभा चुनाव जीता है। यह कामयाबी हासिल करने वाली महिला उम्मीदवार हेकानी जखालू हैं।

हेकानी जखालू को भाजपा और एनडीपीपी गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरी थीं। हेकानी नागालैंड की दीमापुर-3 विधानसभा सीट से मैदान में थीं। उन्होंने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) की अज्हेतो झिमोनी को 1536 वोटों से परास्त किया है। इस सीट पर जखालू को 14,395 वोट मिले हैं, जबकि झिमोनी को 12,859 वोट हासिल हुए हैं। इन दोनों प्रत्याशियों के अलावा इस सीट पर अधिकतर उम्मीदवारों की जमानतें जब्त हो गई हैं।

बहुत ही खराब रहा कांग्रेस का प्रदर्शन
इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार को 370 और नोटा को 134 वोट मिले हैं। वही निर्दलीयों लुन तुंगनुंग को 2445 और कहाहुतो चिशी सुमी को 1671 मत हासिल हुए हैं । नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) राज्य में बीजेपी की सहयोगी दल है, जिसे 25 सीटों पर बढ़त मिली है, जबकि बीजेपी 14 सीटों पर आगे है।

दीमापुर-3 सीट पर चुनाव अभियान के दौरान असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने लोगों से अपील की थी कि जखालू की जीत सुनिश्चित करके नागालैंड और देश में नारी सशक्तिकरण में योगदान दें।

कौन हैं हेकानी?
48 साल की एनडीपीपी नेता हेकानी ने कानून की पढ़ाई की है। उन्होंने सेन फ्रांसिस्को विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ से 2013 में कानून में परास्नातक किया था। हेकानी के पास 5.58 करोड़ की संपत्ति है। अपने चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपने ऊपर 41.95 लाख रुपये से ज्यादा का कर्ज भी बताया है। हेकानी के चुनवी हलफनामे के मुताबिक, हेकानी और उनके पति के पास आधा दर्जन कारें हैं। इसकी कुल कीमत 1.32 करोड़ से ज्यादा बताई गई है। हेकानी के पास टोयोटा इनोवा कार है। हलफनामे में उन्होंने अपने पति के पास पांच अलग-अलग कारें बताई हैं।

Exit mobile version