निक्की हत्याकांड: साजिश में शामिल था प्रेमी का परिवार, पिता समेत पांच गिरफ्तार

दिल्ली। निक्की यादव हत्याकांड मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में साहिल गहलोत के पिता समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पांचों को मदद करने, सबूतों से छेड़छाड़ करने और हत्या की साजिश रचने के आरोप में पकड़ा है। साहिल से पूछताछ में पता चला कि साहिल के पिता, दोस्तों और भाइयों को हत्या की जानकारी थी। पांचों ने न केवल निक्की के शव को छिपाने में मदद की बल्कि उन पर साजिश रचने का भी आरोप है।

पुलिस ने शुक्रवार को साहिल के पिता विरेंद्र, दो चचेरे भाई आशीष और नवीन के अलावा दो दोस्त अमर और लोकेश को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंह यादव ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। अपराध शाखा के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निक्की के शव को फ्रिज में रखने के बाद साहिल अपने घर गया। कुछ देर तो वह गुमसुम घूमता रहा और फिर पिता को अलग ले जाकर हत्या की जानकारी दे दी। इस पर पिता ने उससे चुपचाप शादी करने की बात कही थी।

अपराध शाखा ने वीरेंद्र को साहिल के सामने बैठाकर पूछताछ की। वीरेंद्र को सारी बातों की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने पुलिस को कुछ नहीं बताया। ऐसे में आरोपियों ने दूसरी लड़की से शादी कर उसकी जिंदगी भी बर्बाद कर दी। लोकेश और अमर ने साहिल की शादी के बाद उसके भागने और पुलिस के घर आने से संबंधित जानकारी बताई थी।

सुबह 10 से 11 बजे के बीच हुआ था कत्ल
साहिल ने शुरू में बताया था कि वह निक्की को उसके घर से लेकर निकला था और सुबह करीब 4 बजे उसकी हत्या की थी। हत्या के समय को लेकर पुलिस और पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर एकमत नहीं हो पा रहे थे, क्योंकि शव को फ्रिज में रखने के चलते हत्या का सही समय पता नहीं चल पा रहा था। शुक्रवार को पुलिस ने इसका खुलासा किया है। निक्की की हत्या 10 फरवरी को तड़के चार बजे नहीं बल्कि सुबह 10 से 11 बजे के बीच की थी।

दो और लोगों से पूछताछ करेगी दिल्ली पुलिस
पुलिस ने साहिल के दो और जानकारों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया है। दोनों से पूछताछ कर पता लगाया जाएगा कि शव को फ्रिज में रखने के बाद साहिल किस के साथ और कहां गया था। साहिल अपने हनीमून पर जाने की तैयारी में था और शव को सूटकेश में रखकर हिल स्टेशन ले जाना चाहता था, ताकि वहां हत्या को दुर्घटना के रूप में बदल सके। इसके लिए साहिल ने जिस से मदद मांगी थी, पुलिस इसके संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। इसके बाद पुलिस के हाथ अहम लगेंगे।

Exit mobile version