Election Results Live: गुजरात में भाजपा की एतिहासिक जीत, हिमाचल में कांग्रेस बनाएगी सरकार

अहमदाबाद/शिमला। गुजरात में भाजपा 157 सीटों के साथ जीत का नया रिकॉर्ड बनाने की तरफ बढ़ रही है। रुझानों के मुताबिक पार्टी 182 में से 131 सीटें जीत चुकी है और 26 पर आगे है। जबकि हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग जारी है। प्रदेश में 5 साल के बाद सरकार बदलने का सिलसिला इस बार भी नजर आ रहा है। कांग्रेस रुझानों में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है।

गुजरात में भाजपा 2002 से सत्ता में है। इस बार भाजपा जीत का रिकॉर्ड बनाने जा रही है। दरअसल, साल 2002 में भाजपा को 127 सीटों पर जीत मिली थी। इस बार यह आंकड़ा 150 के करीब जाता दिख रहा है। वहीं घाटलोडिया सीट से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने काफी बढ़त बना ली है। वे फिलहाल कांग्रेस की अमी याज्ञनिक से 1 लाख 15 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। भारी वोटों से अंतर उनकी जीत की ओर इशारा कर रहा है।

वहीं कांग्रेस पार्टी ने अब तक 25 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 14 पर आगे चल रही है। भाजपा 13 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, 13 पर आगे चल रही है। अन्य कैंडिडेट्स ने 2 सीटों पर जीत हासिल की है और एक पर आगे चल रहे हैं। MCD में जीत दर्ज करने वाली AAP यहां अभी तक खाता भी नहीं खोल पाई है।

62 साल के गुजरात में 35 साल कांग्रेस राज
गुजरात में अब तक बनी सरकारों की बात करें, तो 1960 में राज्य बनने के बाद से 1975 तक यहां कांग्रेस की सरकार रही। 1975 में पहली गैर कांग्रेसी सरकार बनी, लेकिन अगले ही चुनाव यानी 1980 में कांग्रेस ने सत्ता में वापसी कर ली।

पिछले 27 साल से भाजपा सत्ता पर काबिज
गुजरात में 1975 के 15 साल बाद यानी 1990 में एक बार फिर गैर कांग्रेसी सरकार बनी, लेकिन रियल टर्निंग पॉइंट आया 1995 में… जब भाजपा ने पहली बार अपनी दम पर सरकार बनाई। तब केशुभाई पटेल राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। 2001 में भाजपा ने पटेल को हटाकर नरेंद्र मोदी को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया।

इसके बाद 2002, 2007 और 2012 में नरेंद्र मोदी की अगुआई में भाजपा ने विधानसभा चुनाव जीते। हालांकि, राज्य में पिछला यानी 2017 का चुनाव भी भाजपा ने मोदी के चेहरे पर ही लड़ा था, लेकिन सरकार बचने के बावजूद उसकी सीटें घट गई थीं।

Exit mobile version