गाजियाबाद: महिला से दुष्कर्म और गर्भपात का आरोपी दरोगा निलंबित

मुनिराज जी, एसएसपी

गाजियाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र की सूर्य नगर पुलिस चौकी के पूर्व प्रभारी उपनिरीक्षक अंशुल कुमार पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। उसकी शिकायत पर अंशुल कुमार के खिलाफ दुष्कर्म, गर्भपात, मारपीट सहित पांच धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है। एसएसपी मुनिराज जी. ने रिपोर्ट तलब कर निलंबन की कार्रवाई की है। अब उसकी जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।

पीड़िता का आरोप है उनके एक मुकदमे में अंशुल कुमार जांच अधिकारी थे। जांच के दौरान वह उनके संपर्क में आईं। दरोगा अंशुल कुमार ने उन्हें झांसा दिया कि वह पत्नी को तलाक देकर उनसे शादी कर लेगा। इस बीच उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गईं। आरोपी दरोगा को जब इसका पता चला तो उसने महिला का गर्भपात करा दिया। उन्होंने गत पांच जनवरी को महिला सेल में शिकायत की। 13 अक्टूबर को वह उसके कवि नगर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर घर गईं। वहां उसने उनके साथ मारपीट की। मोबाइल तोड़ दिया। उन्होंने इसकी शिकायत दी।

पीड़िता का आरोप है कि दारोगा अंशुल कुमार उन्हें बड़े-बड़े होटलों में ले गया था। 13 अक्टूबर को जब उनके साथ मारपीट हुई थी तो वह कवि नगर थाना गई थीं। पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की थी। वहां काफी देर तक हंगामा चला था। उसके बाद पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी. से शिकायत की थी। उनके आदेश के बाद मुकदमा दर्ज हुआ है। एसएसपी मुनिराज जी. का कहना है कि मामले की रिपोर्ट तलब कर दरोगा पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी भी होगी।

Exit mobile version