मोदीनगर में हाथ-पैर बांधकर महिला की हत्या

गाजियाबाद। मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र के गांव सीकरी खुर्द में महिला की हत्या कर दी गई। महिला का शव घर में ही बरामदे में खून से लथपथ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर छानबीन शुरू कर दी है। शव देखकर अंदाजा लगाया जा रहा कि हत्या दो दिन पूर्व की गई है। पुलिस जमीनी विवाद से घटना को जोड़कर देख रही है।

गांव सीकरी खुर्द की रहने वाली सरोज शर्मा (50 वर्ष) के पति मांगेराम की दस साल पहले मौत हो गई थी। महिला तब से घर में अकेली रहती थी। बेटा सियानंद ने मां की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी कर थी, इसलिये वह अपनी पत्नी संजू व ढाई वर्षीय पुत्र कल्लू के साथ मोदीनगर के गुरुद्वारा रोड स्थित एक किराए के मकान में रहता है। हफ्ते में एक-दो बार वह मां सरोज से मिलने घर आया करता था।

ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार को सरोज शर्मा के मकान में जंगले के पास एक छोटा बच्चा रो रहा था। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी वहां जमा हो गए। इसी बीच सियानंद भी वहां पहुंच गया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर सियानंद पास के मकान के सहारे घर में दाखिल हुआ। घर के आंगन में मां का लहूलुहान शव पड़ा मिला। उसके हाथ साड़ी से पीठ पर बंधे हुए थे। घर का सामान भी अस्त-व्यस्त था।

सियानंद ने बताया कि उसका पहली पत्नी से तलाक हो चुका है और वह दूसरी पत्नी व बेटे के साथ मोदीनगर में रहता है। मंगलवार को बेटे कल्लू को मां के पास गांव में छोड़कर आया था। उसने बताया कि तीन दिन पूर्व सीकरी नाले में उसका फोन गिर गया था। जिससे गांव में संपर्क नहीं कर पाया था। वहीं, आसपास के लोगों ने बताया कि बुधवार को भी कल्लू काफी देर तक जंगले के पास खड़ा होकर रोता रहा, मगर घर अंदर से बंद होने के कारण लोगों ने गंभीरता से नहीं लिया। पड़ोसियों के अनुसार सरोज लोगों से कम मिलती जुलती थी। मंगलवार से सरोज को नहीं देखा था। बृहस्पतिवार को कल्लू दोबारा काफी देर तक रोया तो शक हुआ।

थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ मोदीनगर सुनील कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। महिला ने जमीन का कुछ हिस्सा तीस लाख में बेचा था। इसी बिंदु पर पुलिस काम कर रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए है। मामले का शीघ्र ही खुलासा कर दिया जाएगा।

Exit mobile version