तीन बच्चों के साथ महिला ने कुएं में लगाई छलांग, सभी की मौत

प्रतीकात्मक चित्र

कैमूर। बिहार के कैमूर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने तीन छोटे बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी, जिससे सभी की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। महिला ने अपने तीन बच्चों को एक-एक कर कुएं में फेंक दिया, इसके बाद खुद भी कूद गई। कुएं के पानी में डूबने से सभी की मौत हो गई।

घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर भगवानपुर थाना क्षेत्र के पतेरिया गांव में हुई। घटना के पीछे घरेलू विवाद बताया जा रहा है। सोमवार की सुबह घर से बच्चे और महिला को गायब देख परिवार वालों ने खोजबीन की तब पता चला कि कुएं में चप्पल तैर रहा है। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि गोताखोरों को काम में लगाया गया, इसके बाद 32 वर्षीय महिला, उसके आठ और तीन साल के दो बेटों और चार साल की बेटी के शव निकाले गए। मृतकों में 32 वर्षीया मां रिंकू देवी, बड़ा बेटा आठ वर्षीय बालवीर कुमार, चार वर्षीय बेटा आर्यन कुमार और छह वर्षीया बेटी रिचा कुमारी उर्फ हसीना शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए चारों शवों को सदर अस्पताल भभुआ भेजा दिया गया है, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि पता चल सके कि घटना कब हुई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने बताया कि वह शराब का आदी है, जिसके कारण अक्सर उसका पत्नी से झगड़ा होता रहता था। इसके बाद महिला के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधि ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। मृतक महिला रिंकी देवी आंगनबाड़ी सहायिका थी। रिंकी देवी के पिता ने कहा कि उन्हें पहले से किसी भी विवाद की जानकारी नहीं है। दामाद भी अच्छा व्यवहार करता था। कैसे घटना हुई समझ में नहीं आ रहा है। स्थानीय लोगों ने घटना की वजह घरेलू विवाद को बताया है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version