मामा-भांजा बेच रहे थे पटाखे, 2625 किलो पटाखा बरामद

प्रतीकात्मक चित्र

दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने प्रतिबंधित पटाखों का धंधा करने के आरोप में मामा-भांजे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंडोली इंडिस्ट्रयल एरिया स्थित इनके गोदाम पर छापेमारी कर करीब 2625 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं।

क्राइम ब्रांच के विशेष आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि पटाखों पर प्रतिबंध के बाद उनकी टीम लगातार अवैध पटाखे बेचने और स्टोर करने वाले लोगों पर नजर रखे हुए है। इसी कड़ी में पुलिस उपायुक्त अमित गोयल कीटीम को सूचना मिली कि मंडोली इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 के एक गोदाम में पटाखे छिपाकर रखे गए हैं। जांच करने पर पता चला कि गोदाम शाहदरा निवासी मुकुल जैन नामक युवक का है। गोदाम की देखरेख का काम उसका भांजा तुषार करता है।

आरोपियों की पहचान मामा शाहदरा निवासी मुकुल जैन (24) और भांजे ज्योति नगर निवासी तुषार उर्फ वंश जैन (19) के रूप में हुई है। आरोपियों ने करनाल और संगरुर के डिस्ट्रिब्यूटरों से पटाखे मंगवाए थे। दीपावली पर इन पटाखों को मुंहमांगे दामों पर बेचे जाने की योजना थी। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

सूचना के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर छापेमारी कर वहां से 145 पेटी पटाखे बरामद किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। छानबीन के दौरान पता चला कि वर्ष 2018 से मुकुल का पटाखों का धंधा है। उसके पिता का भी यही काम था। वर्ष 2017 में मुकुल के पिता की मौत हो गई थी। मुकुल ने अपने भांजे को 12 हजार रुपये वेतन पर रखा हुआ था। दो साल से वह मामा के पास नौकरी कर रहा था। दोनों पहले भी इसी तरह के अपराधों में शामिल रहे हैं।

Exit mobile version