सोनिया गांधी से नहीं, राजस्थान की जनता से माफी मांगे गहलोत: राठौर

जयपुर। राजस्थान में जारी सियासी संकट के बीच बीजेपी सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कांग्रेस पार्टी और राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत पर चौतरफा हमला बोला है। राठौर ने राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर कांग्रेस आलाकमान पर भी सवाल उठाए हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत से बातचीत में राठौर ने कहा- ये लोग ड्रामा कर रहे हैं। पूरा राजस्थान इनकी राजनीति को देख रहा था। गहलोत सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने के लिए काम करते हैं। राठौर ने सीएम गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि, ‘ये लोग जनता को भूल गए हैं, इन्होंने कुर्सी बचाने के लिए विधायकों को खुली छूट दी है, जनता इनके ध्यान में है ही नहीं। जनता आज त्रस्त है।’

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव को लेकर राज्यवर्धन ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी की हालत ये हो गई है कि इस पार्टी का अध्यक्ष राहुल गांधी खुद नहीं बनना चाहते। अशोक गहलोत मोहरा नहीं बनना चाहते इसलिए वो अध्यक्ष पद की दावेदारी से दूरी बना रहे है।’

उन्होंने गांधी परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, ‘उनका परिवार स्वार्थी है। इनका DNA तानाशाही है. गहलोत ने राजस्थान की जनता का अपमान किया है। वो सोनिया गांधी से माफी क्यों मांग रहे हैं? उन्हें राजस्थान की जनता से माफी मांगनी चाहिए।’

बता दें, राजस्थान कांग्रेस में इन दिनों दो गुट बने हुए हैं। जिसमें से एक गुट अशोक गहलोत का है तो दूसरा विधायक सचिन पायलट का है। कांग्रेस आलाकमान अशोक गहलोत को कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनाकर उन्हें केंद्रीय राजनीति में लाने की सोच रही थी और सचिन पायलट को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाना चाहती थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

गहलोत गुट के करीब 92 विधायकों ने खुलेआम कांग्रेस आलाकमान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और पायलट के विरोध में कई बयान दे डाले। जिसके बाद बारी-बारी से अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने गुरुवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की और अपनी-अपनी बात रखी।

Exit mobile version