राहुल गांधी प्राकृतिक नेता हैं, उन्हें किसी पद की जरूरत नहीं: अधीर

File Photo

नई दिल्ली। कांग्रेस में लंबे समय के बाद पार्टी के अध्यक्ष पद को लेकर चुनाव होने जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव को लोकतांत्रिक बताते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साध रही है और कह रही है कि कांग्रेस के भीतर लोकतंत्र है।

अधीर रंजन ने कहा कि अब भाजपा को गांधी परिवार को नीचा दिखाना बंद कर देना चाहिए। कांग्रेस के भीतर लोकतंत्र है और पार्टी के भीतर अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होंगे। उन्होंने भाजपा पर सवाल खड़ा करते हुए कहा क्या उनकी पार्टी में अध्यक्ष पद का चुनाव हुआ। उनका अध्यक्ष नागपुर में तय होता है। अधीर रंजन ने कहा कि राहुल गांधी प्राकृतिक नेता हैं। उन्हें किसी पद की जरूरत नहीं है।

गौर करने वाली बात है कि राहुल गांधी ने स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस का अगला अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि हम एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत पर अडिग हैं। राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजस्थान कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है।

अध्यक्ष पद की दौड़ तेज होने के बीच पार्टी के सीनियर नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष बनने में उन्हें कोई दिलचस्पी नहीं है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि वह पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ेंगे। दो दशकों के अंतराल के बाद पार्टी के शीर्ष पद के लिए चुनाव की स्थिति दिखाई दे रही है, गहलोत और पार्टी के नेता शशि थरूर चुनाव में आमने-सामने हो सकते हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों कमलनाथ, और दिग्विजय सिंह सहित मुकुल वासनिक एवं पृथ्वीराज चव्हाण के नाम भी संभावित दावेदार के तौर पर चर्चा में थे लेकिन उनमें से कई ने शीर्ष पद के लिए दौड़ से इनकार किया है।

Exit mobile version