होटल में पंखे से लटकता मिला गाजियाबाद की युवती का शव, कॉन्स्टेबल पर लगा रेप के बाद हत्या का आरोप

प्रतीकात्मक चित्र

नोएडा। नोएडा के सेक्टर-70 के एक होटल में 26 साल की एक लड़की का शव मिला है। आईटी सेक्टर में काम करने वाली लड़की का शव पंखे से लटका हुआ मिला। मृतक लड़की गाजियाबाद की रहने वाली है और नोएडा स्थित एक आईटी कंपनी में काम करती थी।

जानकारी के अनुसार जब 12 बजे चेक आउट टाइम पर होटल के कर्मचारी कमरे का दरवाजा खोलने गए तो वह बंद मिला। बाद में जब दरवाजा तोड़ा गया तो लड़की का शव पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है।

मृतका के पिता का आरोप है कि उसकी बेटी के साथ बलात्कार करने के बाद, उसे पंखे से लटका दिया गया, जिससे पूरा मामला खुदकुशी का लगे। पिता ने इस मामले में एक पुलिस कांस्टेबल पर आरोप लगाया है।

मृतक के पिता ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि उनकी लड़की रविवार की रात को कनॉट प्लेस के एक कैफे गई थी। जहां पर आरोपी कांस्टेबल भी पहुंचा था। वहां पर उसके ड्रिंक में कुछ नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया और बाद में होटल में लाकर उसके साथ बलात्कार किया गया।

मृतक के पिता के अनुसार उनकी बेटी ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया है। जिसमें वह किसी अर्जुन नाम के शख्स से अपील कर रही है कि वह उसे आकाश से बचा ले। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया है।

नोएडा की एडिशनल डीसीपी सेंट्रल अंकिता शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली की एक महिला नोएडा के सेक्टर-70 स्थित एक होटल में पंखे से लटकी हुई मिली है। जिसके बाद महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही होगा। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version